आज के समय में शायद ही कोई ऐसा घर होगा, जहां फ्रिज न हो. सुबह की सब्जी से लेकर रात के बचे हुए खाने तक, दूध, फल, दही, नॉनवेज, हर चीज फ्रिज में ही रखी जाती है. फ्रिज ने हमारी जिंदगी को काफी आसान बना दिया है, लेकिन अगर इसकी सही तरह से देखभाल न की जाए तो यही फ्रिज परेशानी की वजह भी बन सकता है. अक्सर ऐसा होता है कि जैसे ही हम फ्रिज का दरवाजा खोलते हैं, अंदर से एक अजीब सी बदबू आने लगती है. कभी मछली जैसी बास, कभी सड़ा हुआ खाना और कभी नमी की बदबू, जिससे फ्रिज खोलना तक मुश्किल हो जाता है. यह बदबू सिर्फ परेशान ही नहीं करती, बल्कि फ्रिज में रखे बाकी खाने की चीजों को भी खराब कर सकती है.
असल में फ्रिज से बदबू आने की सबसे बड़ी वजह पुराने बचे हुए खाने, गिरी हुई तरल चीजें, लंबे समय तक रखा खराब सामान और समय पर सफाई न होना है. लेकिन अच्छी बात यह है कि इस समस्या का हल आपके किचन में ही मौजूद है. कुछ आसान और घरेलू उपाय अपनाकर आप फ्रिज की बदबू को जड़ से खत्म कर सकते हैं. तो आइए जानते हैं कि किन चीजों को फ्रिज में रखते ही अजीब सी बदबू दूर हो जाएगी.
इन चीजों को रखते ही हो जाएगी दूर बदबू
1. बेकिंग सोडा – बेकिंग सोडा एक नेचुरल डिओडराइजर होता है, जो किसी भी तरह की बदबू को जल्दी से सोख लेता है. इसका यूज करने के लिए एक छोटी कटोरी में बेकिंग सोडा डालें, इसे खुला ही फ्रिज के किसी कोने में रख दें, यह तरीका बदबू को खत्म करने के साथ-साथ फ्रिज में ताजगी भी बनाए रखता है. बेहतर असर के लिए हर 3–4 हफ्ते में बेकिंग सोडा बदल दें.
2. नींबू या संतरे के छिलके – नींबू और संतरे के छिलकों में मौजूद सिट्रस ऑयल फ्रिज की बदबू को दूर करने में बहुत कारगर होते हैं. इस हैक को यूज करने के लिए नींबू या संतरे के छिलके एक प्लेट में रखें, प्लेट को फ्रिज के अंदर रख दें, कुछ ही समय में फ्रिज से आने वाली बदबू कम हो जाएगी और अंदर हल्की-सी ताजगी महसूस होगी.
3. वेनिला एसेंस – अगर आप चाहते हैं कि फ्रिज से सिर्फ बदबू ही न जाए, बल्कि अच्छी खुशबू भी आए, तो वेनिला एसेंस एक अच्छा ऑप्शन है. इसके लिए रुई का एक छोटा टुकड़ा लें, उस पर वेनिला एसेंस की 2–3 बूंदें डालें, इसे किसी छोटे कटोरे में रखकर फ्रिज में रख दें, कुछ देर बाद फ्रिज खोलते ही अच्छी महक आने लगेगी.
4. कॉफी पाउडर या कॉफी बीन्स – कॉफी में बदबू सोखने की जबरदस्त क्षमता होती है, खासकर मछली या नॉनवेज की गंध के लिए, ऐसे में इसे यूज करने के लिए एक कटोरी में कॉफी पाउडर या कॉफी बीन्स डालें, कटोरी को खुला ही फ्रिज में रख दें, कॉफी की तेज खुशबू बदबू को जल्दी खत्म कर देती है. हर हफ्ते कॉफी बदलना न भूलें.
5. नींबू और लौंग – नींबू और लौंग का कॉम्बिनेशन एक नेचुरल डियोडोराइजर की तरह काम करता है. इसके लिए एक नींबू को आधा काट लें, उसके टुकड़ों में 2–3 लौंग लगा दें, इसे फ्रिज के अंदर रख दें, इससे फ्रिज की बदबू जल्दी दूर होती है और हल्की-सी ताजगी बनी रहती है. हर 3–4 दिन में नींबू बदलते रहें.
6. चाय की सूखी पत्तियां – अगर घर में कॉफी न हो, तो सूखी चाय की पत्तियां भी काम आ सकती हैं. इसे यूज करने के लिए एक कटोरी में सूखी चाय की पत्तियां भरें, इसे फ्रिज में रख दें, चाय की पत्तियां बदबू को सोख लेती हैं और फ्रिज को फ्रेश बनाए रखती हैं.
फ्रिज को बदबू से बचाने के लिए ये बातें भी ध्यान रखें
1. हफ्ते में एक बार फ्रिज की सफाई जरूर करें.
2. खराब या पुराना खाना तुरंत निकाल दें.
3. तरल चीजें गिर जाएं तो तुरंत साफ करें.
4. खाने को हमेशा ढककर रखें.
यह भी पढ़ें- भारत को ग्लोबल हेल्थ सेंटर बनाने का प्लान, जानें कितना बड़ा होगा देश का हेल्थ बजट?

