Mahindra ने अपनी सबसे पॉपुलर ऑफ-रोड एसयूवी Mahindra Thar के थ्री-डोर वाले मॉडल के फेसलिफ्ट वर्जन का पहला ऑफिशियल टीज़र जारी कर दिया है. कंपनी ने सोशल मीडिया पर An icon, now more iconic और Coming soon to a rear-view mirror near you जैसे मैसेजेस के साथ मिट्टी से सना हुआ फ्रंट ग्रिल दिखाया है. ये टीजर साफ तौर पर बताता है कि नई थार का लॉन्च 22 सितंबर 2026 को होने वाला है. पिछले कुछ महीनों से प्रोडक्शन-रेडी टेस्ट म्यूल्स की तस्वीरें सामने आ रही थीं, जिनमें फ्रंट डिजाइन में बड़े बदलाव नजर आ रहे थे.
अब ऑफिशियल टीज़र आने के बाद उत्सुकता और बढ़ गई है. थार लंबे समय से भारतीय बाजार में ऑफ-रोडिंग का प्रतीक बनी हुई है और इसकी सफलता को देखते हुए महिंद्रा इसे और बेहतर बनाने पर काम कर रही है. इस अपडेट से थार की अपील युवा खरीदारों और एडवेंचर लवर्स दोनों में और मजबूत होने की उम्मीद है. आइए जानते हैं कि टीज़र में क्या कुछ दिखा और ये किन बदलावों के साथ एंट्री मार सकती है.
टीज़र में क्या दिखा?
टीज़र में सबसे पहले नज़र आता है मटमैला फ्रंट ग्रिल. इसमें वर्टिकल स्लॉट्स के साथ मेश इंसर्ट्स दिख रहे हैं और ऊपर महिंद्रा का अक्षर लिखा हुआ है. तस्वीरें काफी क्लोज-अप हैं, इसलिए हेडलाइट्स, बंपर या बाकी एक्सटीरियर का पूरा रूप अभी नहीं पता चला है. फिर भी ये साफ है कि कंपनी ने थार के ऑफ-रोड कैरेक्टर को और मजबूत करने पर जोर दिया है. पहले के स्पाई शॉट्स में जो डिजाइन नजर आ रहा था, उसके मुताबिक नई थार में थार रॉक्स से इंस्पायर्ड सर्कुलर प्रोजेक्टर एलईडी हेडलाइट्स और सी-शेप्ड एलईडी डीआरएल आने की उम्मीद है.
फ्रंट बंपर और फॉग लैंप भी अपडेटेड मिल सकते हैं. पीछे के हिस्से में बदलाव अपेक्षाकृत कम होंगे. टेलगेट पर स्पेयर व्हील और स्प्लिट रियर ओपनिंग जैसी चीजें बनी रहेंगी, जबकि टेल लैंप और रियर बंपर में हल्के बदलाव संभव हैं. थ्री-डोर वाला बॉडी स्टाइल और मजबूत ऑफ-रोड प्रोफाइल बरकरार रहेंगे.
इंटीरियर कितना बदलेगा?
केबिन के मामले में भी कुछ सुधार की संभावना जताई जा रही है. डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, ऑटो-डिमिंग इनसाइड रियर-व्यू मिरर, 360-डिग्री कैमरा और फ्रंट सीट्स में वेंटिलेशन जैसे फीचर्स जुड़ सकते हैं. इसे लेवल-2 एडास मिलने की भी संभावना है, लेकिन कंपनी ने अभी तक इनकी पुष्टि नहीं की है. ये अपग्रेड थार को थार रॉक्स के करीब ले जाने वाले हैं, खासकर आराम और सुविधाओं के मामले में.
इंजन और परफॉरमेंस
इंजन ऑप्शंस में बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा. 1.5-लीटर टर्बो डीजल, 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल और 2.2-लीटर टर्बो डीजल इंजन जारी रहने की उम्मीद है. छोटे डीजल इंजन के साथ मैनुअल गियरबॉक्स और रियर-व्हील ड्राइव का कॉम्बिनेशन बना रहेगा, जबकि बड़े इंजन मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों ट्रांसमिशन के साथ फोर-व्हील-ड्राइव में उपलब्ध होंगे.
संभावित कीमत
वर्तमान में थार 3-डोर का प्राइस रेंज करीब 10.32 लाख से 18 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है. फेसलिफ्ट वर्जन में हल्की प्राइस बढ़ोतरी हो सकती है. लॉन्च नजदीक आने के साथ थार की बिक्री में भी तेजी आने की उम्मीद है. टीजर से साफ है कि महिंद्रा थार को सिर्फ अपडेट नहीं, बल्कि और अधिक आइकॉनिक बनाने जा रही है. पूरा खुलासा 22 सितंबर को होने वाला है.