देश की सबसे बड़ी टू-व्हीलर कंपनी Hero MotoCorp ने फरवरी 2026 में मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है. कंपनी ने कुल 5,58,216 यूनिट डिस्पैच की हैं, जो पिछले साल फरवरी 2025 की 3,88,068 यूनिट्स की तुलना में 44% की वृद्धि दर्शाती है. ये कंपनी का फरवरी महीने में अब तक का सबसे मजबूत डिस्पैच प्रदर्शन है. मोटरसाइकिल और स्कूटर दोनों सेगमेंट में मजबूत मांग के कारण ये वृद्धि देखी गई है, साथ ही एक्सपोर्ट के आंकड़े भी अच्छे हैं.
मोटरसाइकिल सेगमेंट में कंपनी ने 4,99,756 यूनिट्स की बिक्री की, जो फरवरी 2025 की 3,52,312 यूनिट्स से 42% अधिक है. ये सेगमेंट हीरो की कुल वॉल्यूम का बेस बना हुआ है. महीने-दर-महीने (MoM) आधार पर देखें तो जनवरी 2026 की 4,95,889 यूनिट्स की तुलना में मोटरसाइकिल बिक्री में 0.78% की मामूली वृद्धि हुई है. वहीं, स्कूटर सेगमेंट में 63.5% की तेज सालाना वृद्धि दर्ज की गई, जहां 58,460 यूनिट्स बिकीं, जबकि पिछले साल ये संख्या 35,756 यूनिट थी. हालांकि, जनवरी 2026 की 61,982 यूनिट्स से तुलना में स्कूटर वॉल्यूम में 5.68% की गिरावट आई है.
डोमेस्टिक सेल बढ़ी
घरेलू बाजार में हीरो ने 5,16,968 यूनिट्स की बिक्री की, जो फरवरी 2025 की 3,57,296 यूनिट्स से 44.69% अधिक है. कंपनी की ग्लोबल बिजनेस ने भी विकास की गति बनाए रखी है, जहां फरवरी 2026 में 41,248 यूनिट्स का एक्सपोर्ट हुआ, जो पिछले साल की 30,772 यूनिट्स से 34% अधिक है. ये प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बेहतर ट्रैक्शन को दर्शाता है. वाहन रजिस्ट्रेशन डेटा (VAHAN) के अनुसार, फरवरी 2026 में हीरो ने 4,58,346 यूनिट्स दर्ज की हैं, जो YoY आधार पर 18% की वृद्धि है.
स्प्लेंडर, पैशन और डेस्टिनी ने दिखाया दम
हीरो मोटोकॉर्प दुनिया की सबसे बड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटर निर्माता कंपनी है और ये प्रदर्शन बाजार की मांग में सुधार को इंगित करता है. कंपनी के अनुसार, ग्रामीण और शहरी दोनों बाजारों में मांग मजबूत बनी हुई है, खासकर त्योहारों के बाद के सीजन में. हीरो के लोकप्रिय मॉडल जैसे स्प्लेंडर, पैशन और डेस्टिनी ने इस वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. हाल ही में लॉन्च किए गए नए वेरिएंट्स और इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ते फोकस ने भी कंपनी को मजबूती प्रदान की है.
कंपनी ने क्या कहा?
कंपनी ने कहा कि वह आगे भी इनोवेशन और सस्टेनेबिलिटी पर फोकस करेगी, विशेष रूप से इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में काम किया जाएगा. निर्यात बाजारों में विस्तार के साथ हीरो वैश्विक स्तर पर अपनी उपस्थिति बढ़ाने की योजना बना रही है. कुल मिलाकर, फरवरी 2026 का प्रदर्शन कंपनी के लिए सकारात्मक संकेत है और ये अपने कंपटीटर्स जैसे होंडा टू-व्हीलर और टीवीएस से काफी आगे है.

