Hyundai i20 : फिलहाल ये अपने Magna वेरिएंट के साथ देश में सनरूफ के साथ आने वाली सबसे किफायती गाड़ी बन चुकी है, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹6.99 लाख से शुरू होती है. इसका डिजाइन काफी स्पोर्टी और मॉडर्न है, जिसमें आगे की तरफ सिग्नेचर ग्रिल और आकर्षक एलईडी डीआरएल (LED DRLs) दिए गए हैं. इसके केबिन स्पेस और इंटीरियर क्वालिटी को बहुत ही प्रीमियम रखा गया है. इस बजट ओरिएंटेड वेरिएंट में इलेक्ट्रिक सनरूफ के अलावा आपको रियर एसी वेंट्स और फ्रंट आर्मरेस्ट जैसे फीचर्स भी मिल जाते हैं.
फीचर्स की बात करें तो इसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स शामिल हैं. डीलर-लेवल पर इसमें वायरलेस एपल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो के साथ 10.1-इंच का टचस्क्रीन भी लगवाया जा सकता है. सेफ्टी के लिहाज से गाड़ी बेहद मजबूत है, जिसमें 6 एयरबैग्स और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) जैसे फीचर्स दिए गए हैं. इसमें 1.2-लीटर का कप्पा पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 83 PS की पावर जेनरेट करता है और ये लगभग 16 से 20 किमी/लीटर का शानदार माइलेज निकाल कर देती है.
Hyundai Exter: इसका S Smart वेरिएंट मात्र ₹7.03 लाख की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत पर आता है. इसका डिजाइन एक बॉक्सी माइक्रो-एसयूवी जैसा है, जिसमें बोल्ड स्किड प्लेट्स, रूफ रेल्स और एच-शेप (H-Shape) एलईडी टेललैंप्स दिए गए हैं जो इसे काफी मस्कुलर लुक देते हैं. इंटीरियर में ऑल-ब्लैक थीम के साथ काफी अच्छा लेगरूम मिलता है. इसमें आपको वॉयस-इनेबल्ड स्मार्ट इलेक्ट्रिक सनरूफ मिलती है, जिसे आप सीधे बोलकर खोल या बंद कर सकते हैं.
इस कार में 8-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट, रियर एसी वेंट्स और एंड्रॉइड ऑटो जैसे मॉडर्न फीचर्स मौजूद हैं. सेफ्टी के मामले में हुंडई ने समझौता नहीं किया है. इसमें 6 एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) और हिल असिस्ट जैसे सेफ्टी फीचर्स मिलते हैं. इंजन की बात करें तो इसमें 1.2-लीटर का 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया गया है. ये कार पेट्रोल पर करीब 19 किमी/लीटर और इसके सीएनजी (CNG) वेरिएंट में 27 किमी/किलोग्राम तक का जबरदस्त माइलेज देती है.
Tata Punch: इसका Pure+ S वेरिएंट वॉयस-असिस्टेड सनरूफ के साथ आता है, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹7.35 लाख है. इसके डिजाइन की बात करें तो ये हैरियर से इंस्पायर्ड फ्रंट ग्रिल, हाई राइडिंग पोजीशन और 187mm के बेहतरीन ग्राउंड क्लीयरेंस के साथ आती है, जो इसे रफ रोडिंग के अनुकूल बनाता है. इसका इंटीरियर काफी ड्यूरेबल है और इसमें डुअल-टोन डैशबोर्ड के साथ 90-डिग्री खुलने वाले डोर मिलते हैं, जिससे अंदर बैठना बेहद आसान है.
फीचर्स के तौर पर इस वेरिएंट में वॉयस-कंट्रोल सनरूफ, 7-इंच टचस्क्रीन, ऑटोमैटिक हेडलैंप और रेन-सेंसिंग वाइपर्स दिए गए हैं. सेफ्टी में इसे ग्लोबल एनसीएपी (GNCAP) से 5-स्टार रेटिंग मिली हुई है और इसमें 6 एयरबैग्स, एबीएस के साथ ईबीडी और आईएसओफिक्स (ISOFIX) चाइल्ड सीट एंकर मिलते हैं. इसमें 1.2-लीटर का रेवोट्रॉन पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 88 PS की पावर देता है. पेट्रोल पर इसका माइलेज लगभग 20 किमी/लीटर और आई-सीएनजी (iCNG) पर करीब 27 किमी/किलोग्राम तक रहता है.
Tata Altroz: अपने Pure S वेरिएंट के साथ ये देश की सबसे सुरक्षित प्रीमियम हैचबैक बन जाती है, जिसमें सनरूफ मिलता है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹7.42 लाख से शुरू होती है. इसका ‘अल्फा आर्किटेक्चर’ पर आधारित लेजर-कट डिजाइन और शार्प लाइन्स इसे रोड पर बेहद आकर्षक लुक देती हैं. कार का इंटीरियर काफी चौड़ा और प्रीमियम फील देने वाला है. इसमें फ्लैट-बॉटम स्टीयरिंग व्हील और फैब्रिक अपहोल्स्ट्री के साथ एक आरामदायक केबिन मिलता है.
इस वेरिएंट का मुख्य आकर्षण इसका वॉयस-असिस्टेड इलेक्ट्रिक सनरूफ और शार्क-फिन एंटीना है. मनोरंजन के लिए 7-इंच का टचस्क्रीन और चारों दरवाजों पर स्पीकर्स दिए गए हैं. सेफ्टी के मामले में ये 5-स्टार रेटेड कार है, जिसमें 6 एयरबैग्स, ABS और कॉर्नर स्टेबिलिटी कंट्रोल मिलते हैं. इसे 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 86.79 BHP की पावर जनरेट करता है. इसका माइलेज पेट्रोल में 19.33 किमी/लीटर और सीएनजी में लगभग 26 किमी/किलोग्राम है.