Tata Motors की पॉपुलर मिड-साइज एसयूवी Tata Sierra के ऑफिशियल माइलेज फिगर्स आखिरकार पब्लिक हो गए हैं. नवंबर 2025 में लॉन्च होने के कई महीनों बाद एक RTI (Right to Information) आवेदन के माध्यम से ARAI (Automotive Research Association of India) से प्राप्त जानकारी में ये खुलासा हुआ है कि 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन और 1.5 लीटर डीजल इंजन कंपनी द्वारा किए गए दावों से काफी कम माइलेज देते हैं.
टाटा सिएरा को मूल रूप से 1990 के दशक में पेश किया गया था और इसे भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में एक आइकॉनिक SUV माना जाता था. कंपनी ने इसे 2025 में पूरी तरह नई पीढ़ी के रूप में रिवाइवज किया. नई सिएरा में मॉडर्न डिजाइन, एडवांस्ड फीचर्स और दो पावरट्रेन ऑप्शन- 1.5L TGDi Hyperion टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन और 1.5L Kryojet डीजल इंजन दिए हैं. वहीं, इसको 1.5 लीटर NA पेट्रोल इंजन भी मिलता है.
Tata Sierra की खुल गई पोल!
लॉन्च के समय कंपनी ने सिएरा को माइलेज और परफॉर्मेंस का अच्छा बैलेंस बताते हुए मार्केटिंग की थी, लेकिन ARAI की आधिकारिक सर्टिफाइड माइलेज फिगर्स को जानबूझकर सार्वजनिक नहीं किया गया था. इसी वजह से एक शख्स ने RTI दाखिल की और ARAI से डेटा मांगा. RTI के जवाब में मिली जानकारी अब सोशल मीडिया और ऑटो वेबसाइट्स पर वायरल हो रही है.
RTI से सामने आए आंकड़ों के अनुसार, 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल वेरिएंट की ARAI माइलेज 13.5 किलोमीटर प्रति लीटर है. वहीं, 1.5 लीटर डीजल वेरिएंट 18.8 kmpl की माइलेज देता है. नेचुरली एस्पिरेटेड (NA) पेट्रोल इंजन की माइलेज अभी सर्टिफाई नहीं हुई है. ये फीगर्स स्टैंडर्ड ARAI टेस्टिंग साइकल पर आधारित हैं, जो शहर और हाईवे की मिक्स्ड ड्राइविंग को ध्यान में रखकर तय किए जाते हैं. रियल वर्ल्ड में माइलेज ड्राइविंग स्टाइल, ट्रैफिक, लोड और मेंटेनेंस पर निर्भर करता है.
कंपनी ने क्या बताया?
लॉन्च के बाद टाटा मोटर्स ने NATRAX ट्रैक (इंदौर) पर सिएरा का एक स्पेशल टेस्ट रन कराया था, जिसमें कंपनी ने 29.9 kmpl की माइलेज का दावा किया था. ये टेस्ट कंस्टेंट स्पीड (65-70 kmph) और आइडियल कंडीशंस में किया गया था, इसलिए ये सामान्य ड्राइविंग या ARAI सर्टिफिकेशन से बहुत अलग है. RTI से मिला माइलेज इन दावों से काफी कम होने पर ऑटो एक्सपर्ट्स ने कहा कि NATRAX रिकॉर्ड सिर्फ मार्केटिंग के लिए था और असली यूजर एक्सपीरिएंस ARAI फीगर्स के करीब होगा.
कीमत और कंपटीशन
टाटा सिएरा की कीमत लगभग 13 से 25 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है. ये सेगमेंट में Hyundai Creta और Kia Seltos जैसी गाड़ियों से मुकाबला करती है. सिएरा में 5-स्टार GNCAP सेफ्टी रेटिंग, एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS), पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स, 360 डिग्री कैमरा और बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम जैसे फीचर्स दिए गए हैं. इसका डिजाइन रेट्रो-मॉडर्न है, जो पुरानी सिएरा की याद दिलाता है लेकिन नई जनरेशन की जरूरतों को पूरा करता है.
डीजल इंजन की अच्छी इकोनॉमी
डीजल वेरिएंट चुनने वाले खरीदारों के लिए 18.8 kmpl की माइलेज अच्छी खबर है, क्योंकि डीजल इंजन लंबी ड्राइव और हाईवे पर ज्यादा इकोनॉमिकल साबित होता है. वहीं, पेट्रोल वेरिएंट शहर की ड्राइविंग के लिए ज्यादा सुविधाजनक है लेकिन माइलेज कम होने से फ्यूल खर्च बढ़ सकता है.
एक औसत यूजर अगर साल में 15,000 किलोमीटर ड्राइव करता है तो पेट्रोल वेरिएंट पर फ्यूल कॉस्ट डीजल से काफी ज्यादा हो सकती है. उदाहरण के लिए, पेट्रोल की कीमत 95 रुपये/लीटर और डीजल 85 रुपये/लीटर मानें तो सालाना बचत हजारों रुपये की हो सकती है.