Hyundai India ने मंगलवार को अपनी क्रेटा इलेक्ट्रिक एसयूवी के लिए अस्योर्ड बायबैक प्रोग्राम की घोषणा की है. इस योजना के तहत ग्राहकों को तीन साल या 45,000 किलोमीटर (जो भी पहले हो) तक 60 प्रतिशत अस्योर्ड बायबैक वैल्यू की गारंटी मिलेगी. कंपनी का कहना है कि ये पहल इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वाले ग्राहकों की सबसे बड़ी चिंता- भविष्य में रीसेल वैल्यू को दूर करेगी.
कंपनी ने हाल ही में पेश किए गए बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) विकल्प के बाद बायबैक प्रोग्राम इंट्रोड्यूस किया है. BaaS के तहत क्रेटा इलेक्ट्रिक की शुरुआती कीमत बैटरी को छोड़कर 10.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है और बैटरी पर 3.9 रुपये प्रति किलोमीटर का EMI चार्ज लगता है. ऐसे में कंपनी को उम्मीद है कि Hyundai Creta Electric की सेल अब बढ़ेगी. अगर आप हुंडई के इस बायबैक प्रोग्राम और BaaS के साथ Creta Electric खरीदने का प्लान कर रहे हैं, तो इसकी डिज़ाइन से लेकर रेंज तक की डिटेल जान लीजिए.
डिजाइन और इंटीरियर
क्रेटा इलेक्ट्रिक का डिजाइन इसके पेट्रोल-डीजल वर्जन पर आधारित है, लेकिन इसे ईवी-स्पेसिफिक बदलावों के साथ उतारा गया है. फ्रंट में पिक्सेलेटेड ग्राफिक ग्रिल, बिल्ट-इन चार्जिंग पोर्ट, एक्टिव एयर फ्लैप्स और 17 इंच एयरो अलॉय व्हील्स मौजूद हैं. रियर में भी पिक्सेलेटेड बंपर और एलईडी लाइटिंग इसे अलग पहचान देते हैं. ग्राउंड क्लियरेंस 200 मिमी है.
इंटीरियर में डुअल-टोन ग्रे और डार्क नेवी कलर स्कीम, डुअल 10.25 इंच कर्विलिनियर स्क्रीन्स (इंफोटेनमेंट और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर), शिफ्ट-बाय-वायर गियर सिस्टम और स्पेशियस केबिन है. बूट स्पेस 433 लीटर और फ्रंक 22 लीटर का है. फीचर्स में पैनोरामिक सनरूफ, वेंटिलेटेड और पावर्ड सीट्स, बोस 8-स्पीकर ऑडियो, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस चार्जिंग, वी2एल कैपेसिटी, डिजिटल की, ब्लूलिंक कनेक्टिविटी और सिंगल-पेडल ड्राइव (आई-पेडल) शामिल हैं.
सेफ्टी फीचर्स
सेफ्टी के लिए इसे छह एयरबैग्स, ऑल-व्हील डिस्क ब्रेक्स, ईएससी, हिल स्टार्ट/डिसेंट असिस्ट, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और हुंडई स्मार्टसेंस लेवल 2 एडास (लेन कीपिंग, फॉरवर्ड कोलिजन वॉर्निंग, ब्लाइंड स्पॉट असिस्ट, स्मार्ट क्रूज कंट्रोल आदि) के साथ उतारा गया है. बॉडी में एडवांस्ड हाई-स्ट्रेंथ स्टील का इस्तेमाल किया गया है.
बैटरी, मोटर और रेंज
इसे दो बैटरी पैक ऑप्शन- 42 KWH और 51.4 KWH के साथ खरीदा जा सकता है. मोटर फ्रंट-माउंटेड परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस है. छोटी बैटरी 135 बीएचपी पावर और 51.4 KWH बैटरी 171 बीएचपी पावर देती है. दोनों की ARAI सर्टिफाइड रेंज 420 KM और 510 KM तक है. ये 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार 7.9 सेकंड में पकड़ सकती है. डीसी फास्ट चार्जिंग से 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज होने में ये सिर्फ 39 मिनट लगाती है.