Skoda Auto India ने अपनी पॉपुलर मिड-साइज सेडान Skoda Slavia के 2026 फेसलिफ्ट मॉडल से पर्दा उठा दिया है. भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में सेडान सेगमेंट को मजबूत करने के उद्देश्य से कंपनी ने इस कार में कॉस्मेटिक, मैकेनिकल और हाई-टेक फीचर अपग्रेड्स किए हैं. कार के एक्सटीरियर डिजाइन में सेगमेंटेड एलईडी डीआरएल, रीफ्रेश्ड बंपर और नए अलॉय व्हील्स जोड़े गए हैं, जबकि केबिन को पहले से कहीं ज्यादा लग्जरी और मॉडर्न बनाया गया है.
इस मिड-लाइफ अपडेट का मुख्य फोकस ड्राइविंग परफॉर्मेंस, रियर सीट कम्फर्ट और मॉडर्न सेफ्टी स्पेसिफिकेशन को बढ़ाना है. कंपनी ने पावरट्रेन में नया गियरबॉक्स शामिल कर स्मूथ ड्राइविंग और बेहतर रिफाइनमेंट देने का प्रयास किया है. आइए, उन 5 बड़े बदलावों के बारे में जानते हैं, जो 2026 Skoda Slavia को पहले से काफी एडवांस बनाएंगे.
1. नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन
स्लाविया फेसलिफ्ट का सबसे बड़ा मैकेनिकल अपडेट इसके 1.0-लीटर TSI टर्बो-पेट्रोल इंजन में हुआ है. कंपनी ने पुराने 6-स्पीड टॉर्क-कन्वर्टर गियरबॉक्स की जगह नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया है. ये ट्रांसमिशन ट्रैफिक में स्मूथ गियर शिफ्टिंग और हाईवे पर बेहतर माइलेज व रिफाइनमेंट प्रदान करता है.
2. सेगमेंट-फर्स्ट रियर सीट मसाजर
सेडान सेगमेंट में कम्फर्ट का नया स्तर तय करते हुए स्कोडा ने इसके रियर आउटबोर्ड सीट्स में मसाज फंक्शन जोड़ा है. ये अपने सेगमेंट में पहला ऐसा फीचर है, जो आमतौर पर केवल महंगी लग्जरी कारों में देखा जाता है. ये फीचर लंबी यात्राओं के दौरान पीछे बैठने वाले पैसेंजर्स को बेहतरीन आराम देगा.
3. नए आकर्षक कलर ऑप्शन
2026 स्लाविया फेसलिफ्ट को नया और फ्रेश लुक देने के लिए कलर पैलेट में नए शेड्स जोड़े गए हैं, जिनमें आर्कटिक सिल्वर (Arctic Silver) और कैपुचीनो बेज (Cappuccino Beige) शामिल हैं. नए डुअल-टोन अलॉय व्हील्स और शार्प एलईडी लाइटिंग के साथ ये रंग सेडान को सड़क पर अधिक प्रीमियम और बोल्ड स्टांस देते हैं.
4. अपग्रेडेड स्क्रीन्स और टेक फीचर्स
कार के केबिन में पुराने छोटे डिस्प्ले की जगह नया 10.25-इंच का फुली डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिया गया है, जो टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन सपोर्ट करता है. इसके साथ 10.1-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है. सिस्टम में गूगल क्लाउड-बेस्ड AI वॉइस असिस्टेंट भी इंटीग्रेट किया गया है, जो भारतीय एक्सेंट के वॉयस कमांड्स पर आसानी से काम करता है.
5. 360-डिग्री कैमरा और एडवांस सेफ्टी
तंग जगहों और भारी ट्रैफिक में सेडान को आसानी से ड्राइव और पार्क करने के लिए 360-डिग्री सराउंड-व्यू कैमरा और फ्रंट पार्किंग सेंसर्स शामिल किए गए हैं. इसके साथ ही 5-स्टार GNCAP रेटिंग, 6 एयरबैग्स, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) जैसे मजबूत सेफ्टी फीचर्स कार को बेहद सुरक्षित बनाते हैं.