BMW ने भारत में अपनी फ्लैगशिप लग्जरी सेडान रेंज का नया फेसलिफ्ट वर्जन लॉन्च कर दिया है. नई BMW 7 Series और ऑल-इलेक्ट्रिक i7 की कीमतें 1.95 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती हैं. खास बात ये है कि कंपनी ने चेन्नई प्लांट में i7 का लोकल प्रोडक्शन भी शुरू कर दिया है, जिससे भारत जर्मनी के अलावा दुनिया का एकमात्र देश बन गया है जहां ये इलेक्ट्रिक फ्लैगशिप सेडान बनाई जा रही है. रेंज में पेट्रोल-पावर्ड 740 एम स्पोर्ट, i7 eDrive50 xDrive एम स्पोर्ट और परफॉर्मेंस-फोकस्ड i7 M70 xDrive शामिल हैं.
दोनों एंट्री-लेवल वेरिएंट्स 1.95 करोड़ रुपये में उपलब्ध हैं, जबकि टॉप-स्पेक i7 M70 की कीमत 2.65 करोड़ रुपये तक जाती है. डिलीवरी अक्टूबर 2026 से शुरू होगी. लॉन्च इवेंट में एक्टर रणवीर सिंह भी मौजूद रहे. ये अपडेट डिजाइन, टेक्नोलॉजी, पावरट्रेन और रियर-सीट लग्जरी में बड़े बदलाव लाया है. अल्ट्रा-लग्जरी सेगमेंट में ये मर्सिडीज एस-क्लास जैसे कंपटीटर्स को सीधी टक्कर देगी.
डिजाइन डिटेल
डिजाइन में बीएमडब्ल्यू ने लेटेस्ट लग्जरी-क्लास लैंग्वेज अपनाई है. फ्रंट में इल्यूमिनेटेड किडनी ग्रिल (Iconic Glow) अब ज्यादा स्क्वेर्ड शेप में है और हॉरिजॉन्टल स्लैट्स के साथ आती है. स्प्लिट एलईडी हेडलाइट्स में स्लिम डीआरएल ऊपर की तरफ एक्सटेंडेड हैं, जबकि मेन हेडलाइट यूनिट्स नीचे एयर इंटेक्स के पास हैं. बंपर रीडिज़ाइन किया गया है, फ्लश डोर हैंडल्स और स्लिमर रियर टेललाइट्स जो बूट लिड तक जाती हैं. M70 में ब्लैक एक्सटीरियर एक्सेंट्स, स्मोक-ब्लैक क्रिस्टल हेडलाइट्स, 21-इंच एम एयरोडायनामिक व्हील्स और रियर डिफ्यूजर जैसे स्पेशल डिटेल्स हैं.
केबिन और कम्फर्ट
इंटीरियर में सबसे बड़ा बदलाव Neue Klasse से इंस्पायर्ड पैनोरमिक iDrive सिस्टम है. पारंपरिक इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर की जगह विंडस्क्रीन के बेस पर फुल-विड्थ पैनोरमिक विजन डिस्प्ले है, साथ में 17.9-इंच सेंट्रल टचस्क्रीन और पहली बार 14.6-इंच पैसेंजर स्क्रीन दी गई है, जो ड्राइवर की नजर पड़ने पर ऑटो डार्क हो जाती है. बीएमडब्ल्यू ऑपरेटिंग सिस्टम X, ओटीए अपडेट्स, वायरलेस एपल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो सपोर्ट मिलता है.
फोर-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, रीडिज़ाइन सेंटर कंसोल और सिलिंड्रिकल ड्राइव सिलेक्टर हैं. रियर में 31.3-इंच 8K थिएटर स्क्रीन, बावर्स एंड विल्किंस डायमंड सराउंड साउंड सिस्टम (डॉल्बी एटमॉस के साथ), एग्जीक्यूटिव लाउंज सीट्स (हीटिंग, वेंटिलेशन, मसाज, 43 डिग्री तक रिक्लाइन, पावर्ड ओटोमैन और बॉस मोड) उपलब्ध हैं. स्काई लाउंज पैनोरमिक ग्लास रूफ 40 से ज्यादा एलईडी के साथ, एंबिएंट लाइटिंग और रडार-बेस्ड ऑटोमैटिक डोर्स (सॉफ्ट क्लोज) लग्जरी बढ़ाते हैं.
फीचर्स और सेफ्टी
फीचर्स में फोर-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, पावर्ड सीट्स, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और 3डी हेड-अप डिस्प्ले शामिल हैं. सेफ्टी के लिए लेवल 2 एडास स्टैंडर्ड है, जिसमें ड्राइविंग असिस्टेंट प्लस (एक्टिव क्रूज कंट्रोल स्टॉप एंड गो, स्टीयरिंग और लेन कंट्रोल, ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग), पार्किंग असिस्टेंट प्रोफेशनल, रिमोट पार्किंग और रिवर्सिंग असिस्टेंट शामिल हैं.
पावरट्रेन और परफॉरमेंस
740 एम स्पोर्ट 3.0-लीटर सिक्स-सिलेंडर ट्विनपावर टर्बो पेट्रोल इंजन (48V माइल्ड हाइब्रिड) से लैस है, जो 400 एचपी और 540 एनएम टॉर्क देता है. 0-100 किमी/घंटा में 5.4 सेकंड और टॉप स्पीड 250 किमी/घंटा है. i7 eDrive50 डुअल मोटर से 455 एचपी और 660 एनएम पैदा करता है, 112.5 kWh बैटरी से 728 किमी WLTP रेंज (पुराने से 125 किमी ज्यादा) मिलती है.
0-100 में 5.5 सेकंड लगते हैं और टॉप स्पीड 210 किमी/घंटा है. i7 M70 680 एचपी, स्पोर्ट मोड में 1,015 एनएम और स्पोर्ट बूस्ट/लॉन्च कंट्रोल में 1,100 एनएम प्रोड्यूस करती है. 0-100 सिर्फ 3.8 सेकंड में हो जाता है. टॉप स्पीड 250 किमी/घंटा और रेंज 686 किमी है. 250 kW डीसी फास्ट चार्जर से 10-80 प्रतिशत चार्ज मात्र 28 मिनट में हो जाती है.