Tata Motors ने अपनी सबसे पॉपुलर इलेक्ट्रिक एसयूवी Punch EV की कीमतों में सितंबर 2026 में बढ़ोतरी कर दी है. कंपनी ने 30 kWh बैटरी वाले वेरिएंट्स की कीमत 10,000 रुपये बढ़ाई है, जबकि 40 kWh बैटरी वाले वेरिएंट्स 20,000 रुपये तक महंगे हो गए हैं. फेसलिफ्ट मॉडल, जो फरवरी 2026 में लॉन्च हुआ था वो अब 9.79 लाख रुपये से शुरू होकर 12.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक उपलब्ध है.
बेस स्मार्ट 30 kWh वेरिएंट अब 9.79 लाख रुपये, स्मार्ट+ 30 kWh 10.39 लाख रुपये, स्मार्ट+ 40 kWh 11.19 लाख रुपये, एडवेंचर 40 kWh 11.94 लाख रुपये, एम्पावर्ड 40 kWh 12.69 लाख रुपये और टॉप एम्पावर्ड+ एस 12.99 लाख रुपये में मिलेगा. बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) विकल्प के साथ शुरुआती कीमत 6.49 लाख रुपये रखी गई है. ये बढ़ोतरी इनपुट कॉस्ट में वृद्धि के कारण हुई है. अगर आप आने वाले दिनों में इसे खरीदना का प्लान कर रहे हैं, तो इसकी कीमत से लेकर इंजन और परफॉरमेंस डिटेल के बारे में जान लीजिए.
डिजाइन और इंटीरियर
पंच ईवी का डिज़ाइन अपडेटेड फेसलिफ्ट के साथ अधिक आकर्षक बना हुआ है. फ्रंट में क्लोज्ड-ऑफ ग्रिल, ब्लैक सरराउंड वाले हेडलैम्प्स, सेंट्रल चार्जिंग इनलेट और सिल्वर स्किड प्लेट दी गई है. पीछे कनेक्टेड एलईडी टेल-लैम्प्स और ग्रे क्लैडिंग से मस्कुलर लुक मिलता है. 16 इंच के एयरो-ऑप्टिमाइज्ड अलॉय व्हील्स और 195 मिमी ग्राउंड क्लियरेंस इसे शहर और हल्के ऑफ-रोड दोनों के लिए उपयुक्त बनाते हैं.
इंटरियर में डुअल-टोन थीम, नए सीट डिजाइन और अपडेटेड ट्रिम फिनिश हैं. टॉप वेरिएंट्स में 10.25 इंच टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट (वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो/एपल कारप्ले), 10.25 इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, सनरूफ, वायरलेस चार्जर, 360-डिग्री कैमरा, एम्बिएंट लाइटिंग और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल उपलब्ध हैं. कनेक्टेड कार फीचर्स और वॉयस असिस्ट भी शामिल हैं.
सेफ्टी डिटेल
सेफ्टी में 6 एयरबैग्स, ईएसपी, एबीएस के साथ ईबीडी, हिल-होल्ड असिस्ट, टीपीएमएस, आईएसओफिक्स और रियर पार्किंग सेंसर स्टैंडर्ड हैं. हाइयर वेरिएंट्स में ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटर, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक के साथ ऑटो-होल्ड और हिल-डिसेंट कंट्रोल दिए गए हैं.
बैटरी, मोटर और रेंज
इसकी 30 kWh LFP बैटरी 88 bhp पावर और 154 Nm टॉर्क देती है, जबकि 40 kWh पैक 129 bhp और समान 154 Nm टॉर्क प्रदान करता है. 40 kWh वेरिएंट 0-100 किमी/घंटा में करीब 9 सेकंड में पहुंचता है. 30 kWh की ARAI सर्टिफाइड रेंज करीब 375 KM और 40 kWh की 468 KM के आसपास है. 65 kW डीसी फास्ट चार्जिंग से 20-80 प्रतिशत चार्ज 26 मिनट में पूरा होता है. 40 kWh पर लाइफटाइम बैटरी वारंटी भी उपलब्ध है.