Honda Activa 6G vs TVS Jupiter 110: देश की स्कूटर मार्केट में Honda Activa 6G और TVS Jupiter 110 दो सबसे बड़े नाम हैं. दोनों रोजमर्रा की सवारी, परिवार और सिटी कम्यूट के लिए बनाए गए हैं. Activa की एक्स-शोरूम कीमत लगभग ₹74,000 से शुरू होकर टॉप वेरिएंट के लिए ₹91,000 तक जाती है, जबकि Jupiter की कीमत करीब ₹74,000 से शुरू होकर ₹90,000 तक है.
दोनों की कीमत लगभग समान रेंज में होने से खरीददारों को डिजाइन, फीचर्स, सेफ्टी, इंजन और माइलेज के आधार पर फैसला करना पड़ता है. Activa अपनी विश्वसनीयता और रीसेल वैल्यू के लिए जानी जाता है, जबकि Jupiter मॉडर्न फीचर्स और स्टोरेज में आगे है. आइए जानते हैं कि डिजाइन से लेकर इंजन और परफॉर्मेंस तक दोनों में किस स्कूटर को खरीदना सही रहेगा?
डिज़ाइन और फीचर्स
Activa क्लासिक और सिंपल लुक रखती है. मेटल बॉडी मजबूत है. Jupiter का डिज़ाइन थोड़ा मॉडर्न और स्लीक है. इसमें 12-इंच व्हील्स दोनों तरफ और बेहतर ग्राउंड क्लियरेंस मिलता है. Jupiter की सीट थोड़ी लंबी और आरामदायक है.
Jupiter में 33 लीटर का बड़ा अंडरसीट स्टोरेज है, जिसमें दो हेलमेट आसानी से रखे जा सकते हैं. स्मार्ट वेरिएंट्स में डिजिटल कंसोल, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, नेविगेशन, कॉल/एसएमएस अलर्ट और USB चार्जिंग उपलब्ध है. Activa में स्टोरेज लगभग 18 लीटर का है. टॉप H-Smart वेरिएंट में डिजिटल डिस्प्ले, ब्लूटूथ और कीलेस इग्निशन मिलता है, लेकिन बेस वेरिएंट्स फीचर्स में पीछे हैं. दोनों में एक्सटर्नल फ्यूल फिलिंग है.
सेफ्टी डिटेल
दोनों में कॉम्बिन्ड ब्रेकिंग सिस्टम (CBS/SBT) है. Jupiter के टॉप वेरिएंट में फ्रंट डिस्क ब्रेक, हैजर्ड लैंप और इमरजेंसी ब्रेक वार्निंग उपलब्ध है. Activa में मुख्य रूप से ड्रम ब्रेक और CBS है. दोनों सेफ सिटी कम्यूटिंग वाले स्कूटर हैं.
इंजन और माइलेज
Activa में 109.51 सीसी एयर-कूल्ड इंजन है, जो लगभग 7.99 PS पावर और 9.05 Nm टॉर्क देता है. ये बहुत स्मूथ और रिफाइंड है. Jupiter का 113.3 सीसी इंजन करीब 8.02 PS पावर और 9.2-9.8 Nm टॉर्क (iGo असिस्ट के साथ) प्रोड्यूस करता है. iGo असिस्ट सडन एक्सेलेरेशन में मदद करता है.
माइलेज में Activa का ARAI क्लेम लगभग 55-59.5 kmpl है, रियल-वर्ल्ड में 45-52 kmpl मिलता है. Jupiter का क्लेम्ड माइलेज 50-61 kmpl के आसपास है, वास्तविक उपयोग में ये 48-55 kmpl तक रहता है. दोनों किफायती हैं.
किसे खरीदना सही: कुल मिलाकर, विश्वसनीयता और रीसेल वैल्यू चाहिए तो Activa चुनें. ज्यादा स्टोरेज, मॉडर्न फीचर्स और थोड़ा बेहतर रिस्पॉन्स चाहिए तो Jupiter बेहतर विकल्प है. दोनों की कीमत लगभग समान है, इसलिए अपनी जरूरत के हिसाब से फैसला करें.