रायबरेली। जिले के अघौरा गांव में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में नकली पनीर बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। यहां कपड़ों को सफेद करने में इस्तेमाल होने वाले टीनोपाल केमिकल और अन्य रसायनों की मदद से पनीर तैयार किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में संदिग्ध पनीर बरामद कर उसे नष्ट कराया। साथ ही जांच के लिए नमूने भी एकत्र किए गए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के मुताबिक, अघौरा गांव में लंबे समय से नकली पनीर तैयार किए जाने की सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को मिल रही थी। बताया जा रहा है कि यहां बनाया जाने वाला पनीर रायबरेली के साथ-साथ आसपास के अन्य जिलों में भी सप्लाई किया जाता था।
सोमवार रात सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मानिकचंद सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने फैक्ट्री पर छापा मारा। जांच के दौरान पनीर बनाने में टीनोपाल समेत अन्य केमिकल के इस्तेमाल की बात सामने आई। टीनोपाल का प्रयोग कपड़ों में सफेदी और चमक लाने के लिए किया जाता है। इसका खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल करना सुरक्षित नहीं है।
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके पर तैयार बड़ी मात्रा में पनीर को नष्ट कराया। इसके अलावा पनीर और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि अघौरा निवासी एक व्यक्ति कथित तौर पर इस फैक्ट्री का संचालन कर रहा था। हालांकि, इस संबंध में विभागीय जांच और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
इस मामले में प्रभारी निरीक्षक श्याम कुमार पाल ने बताया कि लखनऊ से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम आई थी और नमूने अपने साथ ले गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।