Raebareli News : रायबरेली में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत आत्मरक्षा कार्यशाला का हुआ आयोजन

सतीश कुमार

Raebareli News ! प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत राजकीय कन्या इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) रायबरेली में छात्राओं हेतु आत्मरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य बालिकाओं व छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा विपरीत परिस्थितियों में आत्मरक्षा के प्रति सजग करना रहा। इस कार्यशाला में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक डॉ यशवीर सिंह ने भी छात्राओं को आत्मरक्षा कौशल और उसके महत्व की जानकारी दी।

कार्यशाला में रानी लक्ष्मी बाई आत्मरक्षा के अंतर्गत राजकीय विद्यालयों में संचालित कार्यक्रम के अंतर्गत नियुक्त प्रशिक्षक के द्वारा छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन कराया गया। छात्राओं को बताया गया कि किस प्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी जागरूकता और आत्मविश्वास से वे स्वयं को सुरक्षित रख सकती हैं। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से आवश्यक कौशल सीखे और प्रदर्शित किये।

प्रधानाचार्या ने कहा कि आत्मरक्षा केवल शारीरिक सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता का भी प्रतीक है। उन्होंने मिशन शक्ति जैसी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल शर्मा, डीआईओएस संजीव सिंह, सीओ सिटी अरुण कुमार, विद्यालय की प्रधानाचार्या स्मिता मिश्रा, अभियोजन से जेडी धीरेंद्र कुमार मिश्रा, निशा दुबे, यादूवेंद्र यादव, सौम्या प्रियदर्शनी,विद्यालय की अध्यापिकाएँ, छात्राएँ तथा अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन से छात्राओं में आत्मविश्वास का संचार हुआ और उनमें सुरक्षा के प्रति सजगता की भावना मजबूत हुई।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *