RCB ने लगाया जीत का चौका, WPL का पहला शतक लगाने से चूकीं स्मृति मंधाना; दिल्ली को 8 विकेट से हराया

सतीश कुमार
2 Min Read

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हराकर वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL 2026) में जीत का चौका लगा दिया है. नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने पहले खेलते हुए 166 रन बनाए थे. जवाब में आरसीबी ने 10 गेंद शेष रहते जीत प्राप्त की.

दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी की थी. सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 62 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा लूसी हेमिल्टन ने 36 रनों की तूफानी पारी खेल दिल्ली को 166 के स्कोर तक पहुंचने में मदद की थी.

इतिहास रचने से चूकीं स्मृति मंधाना

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 167 रनों का लक्ष्य मिला था. आरसीबी की सलामी बल्लेबाज ग्रेस हैरिस केवल एक रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन स्मृति मंधाना ने 61 गेंद में 96 रनों की पारी खेली. वो 4 रन और बना लेतीं तो वीमेंस प्रीमियर लीग इतिहास में शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज बन जातीं. अभी WPL में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड सोफी डिवाइन के नाम है. उन्होंने गुजरात जायंट्स के लिए खेलते हुए 99 रनों की पारी खेली थी.

आरसीबी के लिए जॉर्जिया वॉल ने नाबाद 54 रन बनाए और स्मृति मंधाना के साथ 142 रनों की पार्टनरशिप की. इससे पहले आरसीबी के लिए गेंदबाजी में लॉरेन बेल और सयाली सतघरे ने तीन-तीन विकेट लिए थे.

पॉइंट्स टेबल के टॉप पर RCB

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने WPL 2026 में अभी तक अपने चारों मैच जीते हैं और 8 पॉइंट्स के साथ बेंगलुरु की टीम टेबल में टॉप पर मौजूद है. 4 अंकों के साथ मुंबई इंडियंस दूसरे और तीसरे स्थान पर मौजूद गुजरात जायंट्स के भी 4 अंक हैं. यूपी वॉरियर्स चौथे स्थान पर है और वो भी 4 अंक बटोर चुकी है. वहीं दिल्ली कैपिटल्स अब तक 4 मैचों में सिर्फ एक जीत दर्ज कर सकी है. दिल्ली के अभी केवल 2 अंक हैं और फिलहाल पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर है.

Share This Article
Satish Kumar Is A Journalist With Over 10 Years Of Experience In Digital Media. He Is Currently Working As Editor At Aman Shanti, Where He Covers A Wide Variety Of Technology News From Smartphone Launches To Telecom Updates. His Expertise Also Includes In-depth Gadget Reviews, Where He Blends Analysis With Hands-on Insights.
Leave a Comment