BMW India ने अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट एसयूवी BMW X1 के लॉन्ग व्हीलबेस (LWB) वर्जन की प्री-बुकिंग शुरू कर दी है. ये मॉडल 21 अगस्त 2026 को भारतीय बाजार में लॉन्च होगा. चेन्नई स्थित बीएमडब्ल्यू प्लांट में लोकल असेंबली वाला ये वर्जन स्टैंडर्ड एक्स1 से ज्यादा स्पेस और रियर पैसेंजर कम्फर्ट देने के लिए तैयार किया गया है. ये कंपनी के iX1 एलडब्ल्यूबी के साथ लाइनअप में शामिल होगी और एंट्री-लेवल लग्जरी एसयूवी सेगमेंट में ज्यादा व्यावहारिकता लाने का दावा करती है.
बढ़ती मांग को देखते हुए BMW ने इसे भारतीय ग्राहकों की जरूरतों के मुताबिक डेवलप किया है. स्टैंडर्ड मॉडल से 116 मिमी लंबा और 110 मिमी ज्यादा व्हीलबेस वाली ये एसयूवी रियर सीट पर बैठने वालों को बेहतर लेगरूम और बूट स्पेस देगा. आइए, BMW X1 Long Wheelbase की प्री-बुकिंग के साथ संभावित कीमत और डिजाइन से लेकर इंजन-परफॉरमेंस की डिटेल पर एक नज़र डालते हैं.
बुकिंग डिटेल और कीमत
संभावित कीमत स्टैंडर्ड एक्स1 के 50.9 से 52.9 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से थोड़ी प्रीमियम रहने की उम्मीद है. सटीक कीमत और वेरिएंट 21 अगस्त को लॉन्च के समय बताए जाएंगे. बुकिंग बीएमडब्ल्यू के ऑफिशियल डीलरों के माध्यम से या कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर इंटरेस्ट रजिस्टर करके की जा सकती है.
डिजाइन और इंटीरियर
डिजाइन में स्टैंडर्ड एक्स1 का ही लुक बरकरार है. किडनी ग्रिल, स्लिम एलईडी हेडलैम्प और क्रॉसओवर स्टाइल बॉडी के साथ लंबाई 4616 मिमी, चौड़ाई 1845 मिमी, ऊंचाई 1641 मिमी और व्हीलबेस 2802 मिमी है. बूट स्पेस 540 लीटर तक बढ़ गया है. इंटीरियर में रियर सीट 27 मिमी ऊंची और हेडरेस्ट कुशन 37 मिमी चौड़े हैं, जिससे लेगरूम और आराम बेहतर होगा. फीचर्स में 10.7 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट, 10.25 इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, हरमन कार्डन साउंड सिस्टम, वायरलेस चार्जर, पावर्ड टेलगेट और पैनोरेमिक सनरूफ जैसे ऑप्शन मिलेंगे.
सेफ्टी, इंजन और परफॉरमेंस
सेफ्टी फीचर्स में मल्टीपल एयरबैग, एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम और स्टैंडर्ड मॉडल जैसे सेफ्टी इक्विपमेंट शामिल रह सकते हैं. इंजन के मामले में स्टैंडर्ड एक्स1 के 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल या 2.0 लीटर डीजल के अलावा चीन स्पेक 2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल (204 एचपी) के आने की उम्मीद है. परफॉर्मेंस डिटेल्स लॉन्च पर साफ होंगी. कुल मिलाकर ये मॉडल स्पेस और लग्जरी का अच्छा मिश्रण पेश करने वाला है.