CNG या Electric Car? डेली अप-डाउन के लिए कौन बेहतर? 15 साल के कैलकुलेशन से समझें


CNG vs Electric Car: इंडियन ऑटो मार्केट में जब भी कम रनिंग कॉस्ट वाली कार चुनने की बात आती है, तो ग्राहकों के सामने दो ही मुख्य विकल्प आते हैं. सीएनजी (CNG) और इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV). यदि आप आगामी 15 साल यानी किसी भी कार की पूरी लाइफसाइकिल के हिसाब से सोच रहे हैं, तो ये फैसला और भी महत्वपूर्ण हो जाता है.

15 साल की लंबी अवधि में केवल कार की शुरुआती कीमत मायने नहीं रखती, बल्कि उसके बाद होने वाला ईंधन का खर्च, मेंटेनेंस, बैटरी की लाइफ और रीसेल वैल्यू जैसे बड़े फैक्टर्स खेल बदल देते हैं. इस डिटेल्ट रिपोर्ट में हम हर उस पहलू का विश्लेषण करेंगे जो आपको ये समझने में मदद करेगा कि अगले 15 वर्षों के लिए आपकी जेब और जरूरत के हिसाब से कौन सी कार सबसे बेहतर साबित होने वाली है.

शुरुआती कीमत का अंतर (Upfront Cost)

अगर आप शोरूम में एक ही मॉडल के CNG और EV वर्जन की तुलना करते हैं, तो दोनों की शुरुआती कीमत में एक बड़ा अंतर देखने को मिलेगा. उदाहरण के लिए, टाटा टियागो जैसी बजट कार में सीएनजी मॉडल के मुकाबले इलेक्ट्रिक मॉडल (EV) लगभग 2 से 3 लाख रुपये तक महंगा आता है. 15 साल की ऑनरशिप में ये शुरुआती अंतर बहुत मायने रखता है, क्योंकि ईवी खरीदने के लिए आपको पहले दिन से ज्यादा निवेश या फिर बड़ा लोन (जिस पर ब्याज लगेगा) लेना पड़ता है. हालांकि, सीएनजी कारें बजट में आसानी से फिट हो जाती हैं.

रनिंग कॉस्ट: हर किलोमीटर का गणित

लंबी अवधि में ईवी अपनी शुरुआती महंगी कीमत की भरपाई अपनी बेहद कम रनिंग कॉस्ट से करती है. आइए दोनों का गणित समझते हैं.

  • Electric Car: यदि आप घर पर रात में कार चार्ज करते हैं, तो बिजली की दर के हिसाब से ईवी को चलाने का खर्च मात्र ₹1 से ₹1.5 प्रति किलोमीटर आता है.
  • CNG Car: सीएनजी कारों का माइलेज भले ही बेहतरीन हो, लेकिन मौजूदा सीएनजी कीमतों के हिसाब से इसका रनिंग कॉस्ट ₹3.5 से ₹4 प्रति किलोमीटर बैठता है.

इस तरह मान लीजिए आप साल में 15,000 किलोमीटर गाड़ी चलाते हैं, तो 15 साल में आपकी कुल रनिंग 2,25,000 किलोमीटर होगी. ऐसे में हिसाब कुछ इस तरह होगा-

  1. EV से 15 साल का कुल चार्जिंग खर्च: ₹3,37,500 (₹1.5/km के हिसाब से)
  2. CNG से 15 साल का कुल फ्यूल खर्च: ₹9,00,000 (₹4/km के हिसाब से)

सीधा फायदा: ईंधन के मामले में ईवी आपको पूरे 15 साल में करीब ₹5.5 लाख से ज्यादा की सीधी बचत दे सकती है.

मेंटेनेंस और सर्विसिंग का खर्च

एक पेट्रोल-डीजल या सीएनजी कार में इंजन, ऑयल फिल्टर, स्पार्क प्लग, गियरबॉक्स और क्लच जैसे सैकड़ों मूविंग पार्ट्स होते हैं, जिन्हें नियमित सर्विस की जरूरत होती है. 15 साल में सीएनजी किट का हाइड्रो-टेस्टिंग कराना और इंजन वियर-एंड-टियर का खर्च काफी बढ़ जाता है.

इसके विपरीत, इलेक्ट्रिक कार में कोई जटिल इंजन नहीं होता, न ही इंजन ऑयल बदलने का झंझट. ईवी में केवल मोटर, बैटरी और सिंगल-स्पीड ट्रांसमिशन होता है, जिससे इसकी रूटीन सर्विस बेहद सस्ती (सालाना ₹3,000 से ₹4,000) होती है.

बैटरी रिप्लेसमेंट: ईवी का सबसे बड़ा सस्पेंस

15 साल के सफर में जो बात ईवी के खिलाफ जा सकती है, वह है इसकी बैटरी लाइफ. कार कंपनियां आमतौर पर ईवी की बैटरी पर 8 साल या 1.6 लाख किलोमीटर तक की वारंटी देती हैं. लेकिन 15 साल की अवधि में आपको कम से कम एक बार बैटरी बदलवानी पड़ सकती है. वर्तमान में बैटरी पैक बदलने का खर्च ₹2 लाख से ₹4 लाख तक आता है. हालांकि, भविष्य में बैटरी टेक्नोलॉजी सस्ती होने की उम्मीद है, फिर भी ये एक ऐसा बड़ा खर्च है, जो सीएनजी कारों में कभी नहीं आता.

इंफ्रा और रीसेल वैल्यू

सीएनजी का नेटवर्क पूरे भारत में, विशेषकर हाईवे और टियर-2 शहरों में बहुत मजबूत हो चुका है. आप 5 मिनट में टैंक फुल करवाकर लंबी यात्रा पर निकल सकते हैं. दूसरी ओर, ईवी चार्जिंग नेटवर्क तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन आज भी हाईवे पर लंबी ट्रिप के लिए आपको प्लानिंग करनी पड़ती है और फास्ट चार्जिंग में भी 45-60 मिनट का समय लगता है.

15 साल बाद जब आप कार बेचने जाएंगे, तो सीएनजी कार की रीसेल वैल्यू अधिक स्टेबल मिलने की उम्मीद रहती है, क्योंकि उसका इंजन पुराना होने पर भी आसानी से ठीक हो जाता है. ईवी की रीसेल वैल्यू पूरी तरह इस बात पर टिकी होगी कि उस समय उसकी बैटरी की हेल्थ कैसी है.

पैरामीटर सीएनजी कार इलेक्ट्रिक कार
शुरुआती कीमत बजट फ्रेंडली महंगी (2-3 लाख रुपये प्रीमियम)
रनिंग कॉस्ट (प्रति KM) ₹3.50 से ₹4.00 ₹1.00 से ₹1.50 (होम चार्जिंग)
नियमित मेंटेनेंस खर्च मिड लेवल (इंजन ऑयल, ट्यूनिंग) बेहद कम (कोई इंजन ऑयल नहीं)
बूट स्पेस सिलेंडर के कारण जगह घिरती है पूरा बूट स्पेस मिलता है
लॉन्ग ट्रिप मात्र 5 मिनट में रीफ्यूलिंग चार्जिंग स्टेशन की प्लानिंग जरूरी
रिस्क इंजन ओवरहॉल/सीएनजी किट टेस्ट बैटरी रिप्लेसमेंट का भारी खर्च
ड्राइविंग कम्फर्ट  गियर बदलने होंगे, लो टॉर्क ऑटोमैटिक, क्विक टॉर्क

आपके लिए क्या बेस्ट?

15 साल के लंबे टाइमफ्रेम में दोनों ही कारें पेट्रोल के मुकाबले मोटी बचत कराती हैं, लेकिन ‘बेस्ट’ का चुनाव आपकी ड्राइविंग और पार्किंग की स्थिति पर निर्भर करता है. अगर आपकी डेली रनिंग 50-60 किमी से ज्यादा है, आप मुख्य रूप से शहर के ट्रैफिक में गाड़ी चलाते हैं और आपके पास घर या ऑफिस में कार चार्ज करने के लिए सेफ पर्सनल पार्किंग स्पेस उपलब्ध है, तो EV बेस्ट रह सकती है

कुल 15 साल की रनिंग में ईवी आपको मेंटेनेंस और फ्यूल कॉस्ट में इतनी बचत दे देगी कि बैटरी बदलने का खर्च आने के बावजूद आप फायदे में रहेंगे. अगर आपका बजट सीमित है, आपकी सालाना रनिंग 10,000 किमी से कम है और आप अक्सर लंबी ट्रिप पर जाते हैं, तो CNG कार चुनना ठीक है. क्योंकि इसमें रंज को लेकर कोई चिंता नहीं रहती है.



Source link