Last Updated:
Top 10 Most Affordable 7 Seater Cars in India: बड़ी फैमिली के लिए नई 7-सीटर कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं, लेकिन बजट सबसे बड़ी चिंता है? भारतीय बाजार में अब ₹5.65 लाख की शुरुआती कीमत से कई ऐसे 7-सीटर विकल्प मौजूद हैं, जिनमें SUV से लेकर MPV तक शामिल हैं. Nissan Gravite, Renault Triber, Ertiga, Kia Carens और XUV700 समेत 10 किफायती मॉडल्स की कीमत, माइलेज और खासियतें जानें.
Nissan Gravite (₹5.65 लाख): ये देश के सबसे बजट-फ्रेंडली 7-सीटर विकल्पों में गिनी जाती है. इसका डिजाइन निसान की सिग्नेचर वी-मोशन ग्रिल, स्लीक हेडलैंप्स और शार्प लाइनों के साथ काफी मॉडर्न दिखता है. इंटीरियर में डुअल-टोन थीम, बेहतर लेगरूम और रिमूवेबल थर्ड-रो सीट्स मिलती हैं. फीचर्स के तौर पर इसमें 8-इंच टचस्क्रीन, वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो/एपल कारप्ले और की-लेस एंट्री शामिल हैं. सेफ्टी के लिए 6 एयरबैग्स, एबीएस के साथ ईबीडी, रियर कैमरा और ईएसपी जैसे फीचर्स दिए गए हैं. ये 1.0-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन (71 bhp) से लैस है, जो लगभग 19.3 से 19.6 किमी/लीटर का माइलेज निकालता है.
Renault Triber (₹5.76 लाख): ये भारत की सबसे किफायती और मॉड्यूलर 7-सीटर एमपीवी में से एक है. इसकी कॉम्पैक्ट 4 मीटर से छोटी बॉडी में रूफ रेल्स और मस्कुलर एसयूवी जैसा क्रॉसओवर डिजाइन दिया गया है. इसके केबिन की सबसे बड़ी खूबी ‘ईज़ी-फिक्स’ सीट्स हैं, जिन्हें पूरी तरह हटाकर 625 लीटर का बड़ा बूट स्पेस बनाया जा सकता है. इसमें 8-इंच का टचस्क्रीन, डिजिटल क्लस्टर, पुश-बटन स्टार्ट और तीनों रो के लिए एसी वेंट्स दिए गए हैं. सेफ्टी में 6 एयरबैग, ईएससी और हिल-स्टार्ट असिस्ट मिलते हैं. इसमें 1.0-लीटर 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन (72 PS पावर) आता है, जो 18 से 20 किमी/लीटर का शानदार माइलेज देता है.
Mahindra Bolero (₹7.99 लाख): ये रूरल और सेमी-अर्बन भारत की भरोसेमंद और रग्ड 7-सीटर एसयूवी है. इसका बॉक्सी डिज़ाइन, मेटल बंपर और हाई स्टांस इसे बेहद मजबूत पहचान देते हैं. केबिन काफी बेसिक और प्रैक्टिकल है, जिसमें विनाइल सीट्स और थर्ड रो में साइड-फेसिंग जंप सीट्स मिलती हैं. फीचर्स में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, पावर स्टीयरिंग, मैनुअल एसी और बेसिक म्यूजिक सिस्टम शामिल हैं. सेफ्टी के लिए डुअल फ्रंट एयरबैग्स, रियर पार्किंग सेंसर्स और एबीएस मिलते हैं. इसमें 1.5-लीटर mHawk75 डीजल इंजन (75 bhp) लगा है, जो भारी टॉर्क के साथ लगभग 16 किमी/लीटर का माइलेज आसानी से देता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
Citroen Aircross (₹8.32 लाख): ये अपने सेगमेंट में बोल्ड और यूनिक फ्रेंच डिजाइन के साथ आती है, जिसमें स्प्लिट एलईडी हेडलैंप्स और 200 मिमी का शानदार ग्राउंड क्लीयरेंस मिलता है. इसका इंटीरियर बेहद आरामदायक ‘एडवांस्ड कम्फर्ट’ सीटों और मॉड्यूलर रिमूवेबल थर्ड-रो के साथ आता है. केबिन में 10.2-इंच का बड़ा टचस्क्रीन, 7-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और रूफ-माउंटेड एसी वेंट्स दिए गए हैं. सेफ्टी में 6 एयरबैग्स, ईएसपी, टीपीएमएस और हिल-होल्ड शामिल हैं. ये 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड और 1.2-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन (110 PS) के साथ आती है, जो 17.5 से 18.5 किमी/लीटर का माइलेज देती है.
Mahindra Bolero Neo (₹8.69 लाख): ये मॉडर्न लुक और लैडर-फ्रेम चेसिस की मजबूती का बेहतरीन मेल है. इसका स्क्वैरिश डिजाइन, क्रोम-इंसर्ट ग्रिल, अलॉय व्हील्स और टेलगेट-माउंटेड स्पेयर व्हील इसे प्रीमियम लुक देते हैं. इंटीरियर में इटैलियन थीम, फैब्रिक अपहोल्स्ट्री और पीछे साइड-फेसिंग सीट्स मिलती हैं. फीचर्स की बात करें तो इसमें 7-इंच टचस्क्रीन, क्रूज़ कंट्रोल, इको मोड और हाइट एडजस्टेबल ड्राइवर सीट मौजूद हैं. सेफ्टी के लिए डुअल एयरबैग्स, कॉर्नरिंग ब्रेक कंट्रोल और रियर सेंसर्स मिलते हैं. इसमें 1.5-लीटर mHawk100 डीजल इंजन (100 bhp) आता है, जो भारी लो-एंड टॉर्क के साथ लगभग 17.29 किमी/लीटर का माइलेज प्रदान करता है.
Maruti Suzuki Ertiga (₹8.80 लाख):ये देश की सबसे पॉपुलर फैमिली एमपीवी है, जिसका क्रोम-स्टडेड ग्रिल और लंबा प्रोफाइल इसे एलिगेंट लुक देते हैं. इसका इंटीरियर फॉक्स-वुड ट्रिम और बेज थीम के साथ काफी प्रीमियम व वेंटिलेटेड महसूस होता है. इसमें 7-इंच स्मार्टप्ले प्रो टचस्क्रीन, पैडल शिफ्टर्स, ऑटो एसी और तीनों रो के लिए डेडिकेटेड रूफ एसी वेंट्स मिलते हैं. सेफ्टी में 6 एयरबैग्स, ईएसपी, ईबीडी और हिल-होल्ड शामिल हैं. इसमें 1.5-लीटर K15C डुअलजेट पेट्रोल इंजन (103 PS) मिलता है, जो स्मार्ट हाइब्रिड तकनीक से लैस है और पेट्रोल पर 20.51 किमी/लीटर तथा सीएनजी पर 26.11 किमी/किग्रा तक का माइलेज देता है.
Toyota Rumion (₹10.51 लाख): ये अर्टिगा पर आधारित एक प्रीमियम एमपीवी है, जिसके फ्रंट में इनोवा से इंस्पायर्ड हनीकॉम्ब ग्रिल और आकर्षक अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. इसका डुअल-टोन इंटीरियर बड़ा है और इसमें आरामदेह 3-रो सीटिंग अरेंजमेंट मिलता है. फीचर्स में 7-इंच टचस्क्रीन, वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, टोयोटा आई-कनेक्ट और क्रूज़ कंट्रोल शामिल हैं. सेफ्टी के लिए 6 एयरबैग्स, रियर पार्किंग कैमरा, ईएसपी और एबीएस मिलते हैं. इसमें 1.5-लीटर K-सीरीज पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 102 bhp की पावर जनरेट करता है. ये कार पेट्रोल में लगभग 20.5 किमी/लीटर और फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी में 26.11 किमी/किग्रा का माइलेज देती है.
Kia Carens (₹10.99 लाख): ये एक फ्यूचरिस्टिक ‘रिक्रिएशनल व्हीकल’ है, जिसका स्लीक क्राउन-ज्वेल एलईडी हेडलैंप्स और स्पोर्टी रूफलाइन वाला डिजाइन बेहद आकर्षक लगता है. इसका इंटीरियर किसी लग्जरी कार जैसा है, जिसमें एम्बिएंट लाइटिंग और वन-टच टम्बलिंग रियर सीट मिलती हैं. फीचर्स में 10.25-इंच इंफोटेनमेंट, वेंटिलेटेड सीट्स, सनरूफ और बोस 8-स्पीकर साउंड सिस्टम मौजूद हैं. सेफ्टी के लिए सभी वेरिएंट्स में 6 एयरबैग्स, ऑल-व्हील डिस्क ब्रेक्स और ईएससी स्टैंडर्ड मिलते हैं. इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल, 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन ऑप्शन्स आते हैं, जो इंजन के आधार पर 15.7 से 21.3 किमी/लीटर का माइलेज देते हैं.
Mahindra Scorpio Classic (₹12.98 लाख): ये अपनी मस्कुलर बॉडी, सिग्नेचर वर्टिकल टेललैंप्स, नया ‘ट्विन पीक्स’ लोगो और बॉसी रोड प्रेज़ेंस के लिए जानी जाती है. इसका ऊंचा केबिन शानदार विजिबिलिटी देता है और इसमें डुअल-टोन बेज/ब्लैक इंटीरियर के साथ 7 और 9-सीटर लेआउट मिलता है. फीचर्स में 9-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और स्टीयरिंग-माउंटेड कंट्रोल्स शामिल हैं. सेफ्टी के लिए डुअल एयरबैग्स, रियर पार्किंग सेंसर्स और स्पीड सेंसिंग डोर लॉक दिए गए हैं. इसमें नया ऑल-एल्युमिनियम 2.2-लीटर Gen-2 mHawk डीजल इंजन (130 bhp) मिलता है, जो 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ लगभग 13 से 14 किमी/लीटर का माइलेज देता है.
Mahindra XUV700 (₹13.66 लाख): ये अपनी मस्कुलर डिजाइन, सी-शेप्ड एलईडी डीआरएल और फ्लश डोर हैंडल्स के कारण सड़क पर अलग ही छाप छोड़ती है. इसके केबिन में प्रीमियम लेदरेट अपहोल्स्ट्री और बड़ा 7-सीटर स्पेस मिलते हैं. डैशबोर्ड पर 10.25-इंच की डुअल एचडी स्क्रीन, पैनोरमिक स्काईरूफ, वायरलेस चार्जिंग और एडवांस्ड ADAS (लेवल-2) जैसे मॉडर्न फीचर्स मौजूद हैं. सेफ्टी में 7 एयरबैग्स, ईएसपी और 5-स्टार ग्लोबल एनसीएपी रेटिंग मिलती है. इसमें 2.0-लीटर mStallion टर्बो-पेट्रोल (200 PS) और 2.2-लीटर mHawk डीजल इंजन (155-185 PS) के विकल्प हैं, जो 12 से 16.5 किमी/लीटर का माइलेज प्रदान करते हैं.