Hyundai Motor India इस साल अपनी कारों की लाइनअप को मजबूत करने के लिए कई नए लॉन्च की तैयारी कर रही है. कंपनी ने 2030 तक कुल 26 नए मॉडल्स या अपडेट्स लाने की योजना बनाई है, जिसमें से सबसे पहले Hyundai Verna Facelift और Exter Facelift बाजार में आने वाली हैं.
इन दोनों कारों को हाल ही में भारतीय सड़कों पर एक साथ टेस्टिंग करते हुए स्पॉट किया गया है, जो उनकी लॉन्च की निकटता का संकेत देता है. स्पाई फोटोज और वीडियो में दोनों मॉडल्स कैमोफ्लाज के साथ दिखाई दिए हैं, जिससे उनके अपडेटेड डिजाइन के बारे में काफी जानकारी मिल रही है. आइए जानते हैं कि ये कितना बदलने वाली हैं.
Hyundai Verna Facelift
हुंडई वर्ना फेसलिफ्ट (2026 मॉडल) सबसे ज्यादा चर्चा में है. मौजूदा वर्ना 2023 में लॉन्च हुई थी और इसकी फ्रंट डिजाइन को लेकर कुछ आलोचनाएं हुई थीं. अब फेसलिफ्ट में फ्रंट फेसिया में बड़े बदलाव आने की उम्मीद है. स्पाई शॉट्स से पता चलता है कि नई LED DRLs, रिवाइज्ड ग्रिल, अपडेटेड बंपर और संभवतः हुंडई सोनाटा से इंस्पायर्ड स्टाइलिंग मिल सकती है. रियर में भी मामूली बदलाव जैसे नए टेललाइट्स या बंपर देखे जा सकते हैं.
सबसे बड़ा अपग्रेड इंटीरियर में होगा. नई वर्ना में डुअल 12.3-इंच स्क्रीन्स मिलेंगी. इसमें एक 12.3-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम (वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एपल कारप्ले के साथ) और दूसरा 12.3-इंच फुल डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले होगा. डैशबोर्ड पूरी तरह रिडिजाइन होगा. नया स्टीयरिंग व्हील, बेहतर मैटेरियल्स और संभवतः ADAS लेवल 2+ फीचर्स जैसे एडवांस्ड सेफ्टी टेक्नोलॉजी भी शामिल हो सकती है.
इंजन में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा है. इसे 1.5-लीटर NA पेट्रोल (115 hp) और 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल (160 hp) विकल्प के साथ ही पेश किया जाएगा. लॉन्च जून 2026 तक या उससे पहले होने की संभावना है, जिससे ये स्कोडा स्लाविया और VW वर्टस को टक्कर देगी.
Hyundai Exter Facelift
दूसरी तरफ हुंडई एक्सटर फेसलिफ्ट भी टेस्टिंग में नजर आई है. 2023 में लॉन्च हुई ये माइक्रो SUV टाटा पंच और सिट्रोएन C3 जैसे कॉम्पिटिटर्स को चुनौती देगी. फेसलिफ्ट में फ्रंट और रियर बंपर, ग्रिल और LED लाइटिंग में अपडेट्स आने वाले हैं. इसकी शुरुआती एक्स शोरूम कीमत ₹6 लाख से कम होगी.
इंटीरियर में कुछ फीचर अपग्रेड्स जैसे बेहतर इंफोटेनमेंट या सेफ्टी फीचर्स मिल सकते हैं. पावरट्रेन में 1.2-लीटर पेट्रोल और CNG ऑप्शन बरकरार रहेंगे, कोई बड़ा मैकेनिकल चेंज नहीं दिख रहा है. एक्सटर फेसलिफ्ट का लॉन्च भी 2026 की पहली छमाही में संभावित है. संभवतः वर्ना के बाद या साथ में ही इसे पेश किया जाएगा.
ये दोनों कारें साथ टेस्टिंग में दिखने से लगता है कि हुंडई अपनी प्रोडक्ट रेंज को रिफ्रेश कर मार्केट में मजबूत पकड़ बनाना चाहती है. वर्ना फेसलिफ्ट प्रीमियम सेडान सेगमेंट में जबकि एक्सटर एंट्री-लेवल SUV सेगमेंट में ताजगी लाएंगी. दोनों मॉडल्स के अपडेटेड फीचर्स, बेहतर टेक्नोलॉजी और आकर्षक डिजाइन से खरीदारों को काफी पसंद आएंगे. जल्द ही ऑफिशियल अनाउंसमेंट की उम्मीद है.
