Kia India अपनी फ्लैगशिप थ्री-रो एसयूवी Sorento को 4 सितंबर 2026 को भारतीय बाजार में उतारने जा रही है. ये कंपनी का देश में पहला हाइब्रिड एसयूवी मॉडल होगा और सेल्टोस से ऊपर पोजिशन किया जाएगा. हाल ही में कंपनी ने ऑफिशियल प्री-बुकिंग शुरू कर दी है, जो डीलरशिप और वेबसाइट के जरिए उपलब्ध है. सोरेंटो को लोकल असेंबल किया जाने की उम्मीद है, जिससे प्राइस कंपटीटिव रहने की संभावना है.
अनुमानित शुरुआती कीमत करीब 40 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के आसपास रह सकती है. ये टोयोटा फॉर्च्यूनर, स्कोडा कोडियाक, जीप मेरिडियन, फॉक्सवैगन टायरॉन और एमजी मजेस्टर जैसे प्रीमियम थ्री-रो एसयूवी से टक्कर लेगी. कंपनी ने हाइब्रिड और डीजल दोनों पावरट्रेन विकल्पों की पुष्टि की है. पूरी डिटेल्स और कीमत लॉन्च के दिन सामने आएंगी. आइए इसकी डिज़ाइन से लेकर पावरट्रेन तक की डिटेल्स पर भी नज़र डालते हैं.
डिजाइन और इंटीरियर
डिजाइन की बात करें तो ग्लोबल-स्पेक सोरेंटो में अपराइट एसयूवी स्टाइलिंग है. इसमें वर्टिकली स्टैक्ड एलईडी हेडलैम्प्स, टी-शेप्ड एम्बर डीआरएल, वाइड ग्रिल, स्कल्प्टेड बंपर, डुअल-टोन अलॉय व्हील्स और मस्कुलर व्हील आर्चेस शामिल हैं. डायमेंशन की बात करें, तो ये 4815 मिमी लंबाई, 1900 मिमी चौड़ाई, 1700 मिमी ऊंचाई और 2815 मिमी व्हीलबेस के साथ आएगी.
इंटीरियर प्रीमियम लुक वाला है.इसे डुअल 12.3-इंच डिस्प्ले, पैनोरामिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, पावर्ड ड्राइवर सीट, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस चार्जिंग, एम्बिएंट लाइटिंग और 6 या 7 सीटर लेआउट की उम्मीद है. फीचर्स में लेवल 2 एडास, 360-डिग्री कैमरा और हेड-अप डिस्प्ले जैसे विकल्प मिल सकते हैं. सेफ्टी के मोर्चे पर मल्टीपल एयरबैग्स, स्ट्रक्चरल स्ट्रेंथ और एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम पर फोकस रहेगा.
इंजन और परफॉरमेंस
इसका 1.6-लीटर टर्बो-पेट्रोल हाइब्रिड सेटअप (इलेक्ट्रिक मोटर के साथ) करीब 238 एचपी पावर और 380 एनएम टॉर्क प्रोड्यूस करता है, जबकि 2.2-लीटर डीजल (कार्निवल जैसा) इंजन करीब 202 एचपी और 441 एनएम देगा. दोनों ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ आएंगे. माइलेज की सटीक भारतीय आंकड़े लॉन्च पर पता चलेंगे, लेकिन ग्लोबल हाइब्रिड वर्जन बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी का वादा करता है.