Petrol vs CNG vs EV: नई कार खरीदते समय अक्सर लोग माइलेज, ऑन-रोड कीमत और परफॉर्मेंस के बीच उलझ जाते हैं. पेट्रोल कार की शुरुआती कीमत कम होती है, लेकिन लगातार महंगे होते फ्यूल की वजह से इसकी रनिंग कॉस्ट जेब पर भारी पड़ती है. वहीं, CNG वेरिएंट्स किफायती रनिंग कॉस्ट देते हैं, लेकिन बूट स्पेस और फ्यूल स्टेशनों पर लंबी कतारों की चिंता साथ लाते हैं.
दूसरी ओर इलेक्ट्रिक गाड़ियां (EV) ज़ीरो एमिशन और बेहद सस्ती रनिंग कॉस्ट के साथ आती हैं. हालांकि, उनकी शुरुआती खरीद कीमत सबसे अधिक होती है. ऐसे में सिर्फ कार की शोरूम कीमत देखकर फैसला लेना सही नहीं है. आपको कम से कम 5 साल का कुल ओनरशिप खर्च (खरीद मूल्य, ईंधन/बिजली खर्च और मेंटेनेंस) समझना जरूरी है, ताकि आप अपनी जरूरत और बजट के मुताबिक सही फैसला ले सकें. आइए जानते हैं कि 5 साल के हिसाब से Petrol vs CNG vs EV में क्या बेहतर ऑप्शन होगा?
5 साल का गणित
इंडियन मार्केट में ऐसी कई कारें हैं, जो पेट्रोल, CNG और EV तीनों ऑप्शन में उपलब्ध हैं. ऐसे में हम Tata Nexon को एक उदाहरण के रूप में लेकर चलते हैं. नेक्सॉन एक ऐसा मॉडल है जो पेट्रोल, आई-सीएनजी (टर्बोचार्ज्ड) और इलेक्ट्रिक (EV) तीनों विकल्पों में उपलब्ध है. मान लेते हैं कि:
- आपकी रोजाना की ड्राइविंग लगभग 40 KM है (सालाना करीब 15,000 किमी)
- 5 साल में कुल रनिंग: 75,000 किमी
- फ्यूल/बिजली की औसत दरें: पेट्रोल ₹95/लीटर, सीएनजी ₹80/किलो और बिजली ₹8/यूनिट
1. पेट्रोल वेरिएंट (Nexon 1.2L Turbo Petrol)
- अनुमानित ऑन-रोड कीमत: ₹11,50,000
- रियल वर्ल्ड माइलेज: 13-14 किमी/लीटर (औसत 13.5 किमी/लीटर)
- 5 साल का फ्यूल खर्च: 75,000 KM के लिए लगभग 5,555 लीटर पेट्रोल लगेगा
- ₹95 की दर से फ्यूल खर्च = ₹5,27,700
- मेंटेनेंस खर्च (5 साल): इंजन ऑयल, फिल्टर, स्पार्क प्लग और रेगुलर सर्विसिंग मिलाकर लगभग ₹45,000
2. सीएनजी वेरिएंट (Nexon i-CNG)
- अनुमानित ऑन-रोड कीमत: ₹12,60,000 (पेट्रोल से लगभग ₹1.1 लाख ज्यादा)
- रियल वर्ल्ड माइलेज: 20 किमी/किग्रा
- 5 साल का सीएनजी खर्च: 75,000 किमी के लिए लगभग 3,750 KG सीएनजी की जरूरत होगी
- ₹80 की दर से सीएनजी खर्च: ₹3,00,000
- मेंटेनेंस खर्च (5 साल): सीएनजी किट टेस्टिंग, स्पार्क प्लग और इंजन सर्विसिंग मिलाकर लगभग ₹50,000
3. EV वेरिएंट (Nexon.ev 40.5 kWh Long Range)
- अनुमानित ऑन-रोड कीमत: ₹16,50,000 (पेट्रोल से लगभग ₹5 लाख ज्यादा)
- रियल वर्ल्ड रेंज: सिंगल चार्ज में लगभग 280-300 KM की रियल-वर्ल्ड रेंज मिलती है. यानी 100 KM चलने में करीब 14 यूनिट बिजली लगती है
- 5 साल का बिजली खर्च: 75,000 KM के लिए लगभग 10,500 यूनिट्स बिजली की खपत होगी
₹8 प्रति यूनिट की दर से बिजली का खर्च: ₹84,000 - मेंटेनेंस खर्च (5 साल): इंजन पार्ट्स, ऑयल और गियरबॉक्स न होने के कारण मेंटेनेंस सबसे कम रहता है, लगभग ₹25,000
| पैरामीटर्स | Nexon पेट्रोल | Nexon i-CNG | Nexon.ev |
|---|---|---|---|
| अनुमानित ऑन-रोड कीमत | ₹11,50,000 | ₹12,60,000 | ₹16,50,000 |
| फ्यूल/बिजली की खपत दर | 13.5 किमी/लीटर | 20 किमी/किग्रा | 14 kWh / 100 किमी |
| 5 साल का फ्यूल/चार्जिंग खर्च | ₹5,27,700 | ₹3,00,000 | ₹84,000 |
| 5 साल का मेंटेनेंस खर्च | ₹45,000 | ₹50,000 | ₹25,000 |
| 5 साल की कुल ऑनरशिप लागत | ₹17,22,700 | ₹16,10,000 | ₹17,59,000 |
| प्रति किमी रनिंग खर्च (फ्यूल) | ₹7.03 | ₹4.00 | ₹1.12 |
आपके लिए क्या बेहतर?
पेट्रोल कार: आपका मासिक रनिंग 500 से 700 किमी से कम है, आप बजट सीमित रखना चाहते हैं और ज्यादातर वीकेंड ड्राइव या कभी-कभार हाईवे पर सफर करते हैं.
सीएनजी कार: आपका रनिंग मिड से अधिक है (महीने में 1,000 से 1,500 किमी), शहर में सीएनजी पंप का नेटवर्क अच्छा है और आप बिना चार्जिंग की चिंता किए कम बजट में बचत चाहते हैं. 5 साल में ये सबसे किफायती विकल्प साबित होगा.
इलेक्ट्रिक कार: आपकी ड्राइविंग रोजाना 50-60 किमी से अधिक है, घर पर चार्जिंग की सुविधा है और आप साइलेंट केबिन, ऑटोमैटिक ड्राइव और जीरो एमिशन चाहते हैं. अगर आपका रनिंग 5 साल में 1 लाख किमी से ज्यादा होता है, तो ईवी पेट्रोल और सीएनजी दोनों से सस्ती पड़ने लगेगी.
ज़रूरी बात: ये गणना केवल तुलना और बेहतर समझ के लिए एक अनुमानित उदाहरण है. वास्तविक ऑन-रोड कीमतें, बीमा, ईंधन व बिजली की दरें आपके शहर, ड्राइविंग स्टाइल और ट्रैफिक की स्थिति के अनुसार कम या ज्यादा हो सकती हैं. कार खरीदने का अंतिम फैसला लेने से पहले अपने नजदीकी डीलरशिप से सटीक कीमतों की जानकारी अवश्य लें.