PM Kisan योजना: जून में नहीं आई 20वीं किस्त, कब खत्म होगा किसानों का इंतजार, जानें

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi) साल 2019 में शुरू हुई थी. केंद्र सरकार इस योजना के तहत पात्र किसानों को साल में तीन किस्तों में 6,000 रुपये की सहायता देती है. सरकार की तरफ से अब तक किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त जारी की जा चुकी है. अब देश भर के किसानों को 20वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार है. किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त कब आएगी, किसानों के बीच यह सवाल चर्चा का विषय है.

उम्मीद की जा रही थी कि जून के आखिरी हफ्ते में 20वीं किस्त जारी हो सकती है और इससे धान की रोपाई कर रहे किसानों को थोड़ी राहत मिलेगी. हालांकि जून का महीना खत्म हो गया है, लेकिन अब तक किसानों के खातों में दो हजार रुपये नहीं आए हैं.

यह सिर्फ कयास ही था कि पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त का पैसा जून के अंतिम सप्ताह में पात्र किसानों के खाते में जमा होगा. हालांकि, केंद्र सरकार की तरफ से फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है कि किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त कब जारी होगी.

सरकार ने 24 फरवरी 2025 को किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त जारी की थी. अब किसानों को अगली किस्त के दो हजार रुपये खाते में आने का इंतजार है. पिछली किस्त जारी हुए चार महीने पूरे हो चुके हैं, इसलिए जुलाई में कभी भी 20वीं किस्त का पैसा किसानों के खाते में आ सकता है. हालांकि, जब तक सरकार की तरफ से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया जाता है, तब तक किसान सिर्फ इंतजार ही कर सकते हैं.

इन किसानों की 20वीं किस्त रुक सकती है
सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए पात्र किसानों (PM-KISAN) को योजना का लाभ उठाने के लिए बैंक खातों का eKYC अपडेट कराना अनिवार्य कर दिया है. अगर कोई पात्र किसान ई-केवाईसी अपडेट नहीं कराता है तो 20वीं किस्त का पैसा रुक भी सकता है. ऐसे किसानों को जल्दी से जल्दी अपने बैंक खाते का eKYC अपडेट करवा लेना चाहिए. PMKISAN पोर्टल पर OTP आधारित eKYC उपलब्ध है. इसके अलावा किसान बायोमेट्रिक आधारित eKYC के लिए करीब के CSC केंद्रों पर जाकर यह काम करवा सकते हैं.

पंजीकरण प्रक्रिया
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देशभर में 11.8 करोड़ से अधिक किसान पंजीकृत हैं. योजना के लिए पात्र किसान आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से या कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर पीएम-किसान योजना के लिए पंजीकरण कर सकते हैं.

© 2026 Aman Shanti – Sarkari Yojana, Auto & Tech | All rights reserved | Made With By WebpressHub.net