रायबरेली। प्रांतीय कार्तिक पूर्णिमा मेले में गंगा स्नान और मेले की भीड़ के बीच करीब 50 बच्चे अपने परिवार से बिछड़ गए। अचानक अपनों का साथ छूटने से मासूम बच्चे घबरा गए और रोने लगे। ऐसे में मेला पुलिस और खोया-पाया केंद्र ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, मेले में भीड़ के दौरान परिवार से बिछड़े बच्चों को पुलिसकर्मी सुरक्षित मेला कोतवाली स्थित खोया-पाया केंद्र लेकर पहुंचे। यहां बच्चों की पहचान और उनके परिजनों का पता लगाने के लिए लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार सूचना प्रसारित कराई गई। अनाउंसमेंट सुनकर बच्चों के परिजन उनकी तलाश करते हुए केंद्र पर पहुंचने लगे।
काफी देर से बच्चों की तलाश कर रहे परिजनों को जब अपने बच्चे सुरक्षित मिले तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। किसी मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े तो किसी पिता ने बच्चे को सीने से लगाकर राहत की सांस ली। वहीं, परिवार से बिछड़े बच्चे भी अपनों को देखते ही उनसे लिपट गए।
महिला पुलिसकर्मियों ने बच्चों और परिजनों को संभाला
खोया-पाया केंद्र पर बच्चों को सुरक्षित देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने बच्चों को सांत्वना दी और उनके परिजनों को भी ढांढस बंधाया। पुलिसकर्मियों ने अभिभावकों से अपील की कि मेले जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों का विशेष ध्यान रखें और उनका हाथ पकड़कर चलें।
बच्चों की जेब में रखें पहचान और मोबाइल नंबर की पर्ची
पुलिस ने अभिभावकों को सलाह दी कि बच्चों की जेब में उनके नाम, घर का पता और परिवार के किसी सदस्य का मोबाइल नंबर लिखी पर्ची जरूर रखें। इससे बच्चा भीड़ में बिछड़ने पर पुलिस को उसके परिजनों तक पहुंचने में आसानी होगी।
खोया-पाया केंद्र के प्रभारी सतीश यादव, दरोगा अनुज कुमार, रुस्तम सिंह, शाहिद खान, किशन कुशवाहा, श्रुति यादव और रिचा पाल ने बताया कि केंद्र पर लाए गए सभी बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की इस तत्परता से करीब 50 परिवारों ने राहत की सांस ली।