Raebareli News : जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट परिसर से फार्मर रजिस्ट्री के प्रचार-प्रसार हेतु प्रचार वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद रायबरेली में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के कुल लाभार्थियों की संख्या 543325 कृषको की फार्मर रजिस्ट्री की जानी थी, जिसमें 62534 कृषक विभिन्न कारणों से अपात्र पाए गए, इस प्रकार फार्मर रजिस्ट्री कराने का लक्ष्य 480791 सापेक्ष अभी तक 313379 कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री बनायी जा चुकी है जो लक्ष्य का 65.18 प्रतिशत है। अवशेष बचे 167412 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाने हेतु प्रचार-वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर समस्त विकास खण्डों हेतु रवाना किया किया गया है जो समस्त विकास खण्डों में 10 दिन तक प्रचार-प्रसार का कार्य करेगा।
उप निदेशक कृषि विनोद कुमार ने बताया कि जनपद में यह प्रयास किया जा रहा है कि समस्त पात्र कृषक जिनकी फार्मर रजिस्ट्री नहीं हुई है, वह सामने आये और उनकी फार्मर रजिस्ट्री बन जाये। सरकार की किसानों के लिये संचालित समस्त योजनाओं का संचालन फार्मर रजिस्ट्री के डाटा से ऑनलाइन होना है, सरकार की योजनाओं का लाभ केवल फार्मर रजिस्ट्री कराने वाले किसानों को ही मिल पायेगा। खरीफ 2026 से अनुदानित उर्वरक भी इस डाटा के अनुसार उपलब्ध होगा। किसान क्रेडिट कार्ड, आपदा की स्थितियों में क्षतिपूर्ति का आकलन, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद एवं फसल बीमा की क्षतिपूर्ति भी फारमर्स रजिस्ट्री के डाटा से बिना सत्यापन शीघ्रता से किया जायेगा।

