Last Updated:
Kia India ने फरवरी 2026 में 27,610 यूनिट बेचकर 10.3 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की. सेल्टॉस और सोनेट की लोकप्रियता से बिक्री बढ़ी. अतुल सूद ने ग्राहकों के भरोसे पर खुशी जताई. देखिए पूरी सेल्स रिपोर्ट.

Kia Sonet
भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बना चुकी दक्षिण कोरियाई कार निर्माता कंपनी किआ इंडिया (Kia India) ने साल 2026 के दूसरे महीने में भी बेहतरीन सेल की है. कंपनी द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, फरवरी 2026 में किआ इंडिया की बिक्री में सालाना आधार पर 10.3% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
किआ इंडिया ने इस साल फरवरी में कुल 27,610 यूनिट बेची हैं. ये कंपनी के इतिहास में भारत में अब तक की सबसे अधिक फरवरी की बिक्री है. पिछले साल, यानी फरवरी 2025 में कंपनी ने 25,026 यूनिट सेल की थीं. इस तरह सालाना स्तर पर लगभग 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. ये लगातार दूसरा महीना है जब किआ ने दोहरे अंकों में वृद्धि दर्ज की है. इससे पहले जनवरी 2026 में भी कंपनी ने 27,603 यूनिट बिक्री के साथ 10.3% की बढ़ोतरी हासिल की थी.
इन गाड़ियों ने कराई मौज
कंपनी की इस सफलता के पीछे इनके पॉपुलर SUV पोर्टफोलियो का बड़ा हाथ रहा है. न्यू जेन सेल्टॉस को ग्राहकों की ओर से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है. इसके अपडेटेड डिजाइन और सेफ्टी फीचर्स ने इसे मिड-साइज SUV सेगमेंट में टॉप पर बनाए रखा है. वहीं, कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में सोनेट का दबदबा कायम है. फीचर-लोडेड होने के कारण ये युवाओं की पहली पसंद बनी हुई है. इसके अलावा, कैरेंस/क्लैविस और कार्निवाल को भी ठीक-ठाक ग्राहक मिल जाते हैं.
कंपनी ने क्या कहा?
किआ इंडिया के सेल्स और मार्केटिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, अतुल सूद ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि फरवरी के रिकॉर्ड आंकड़े इंडियन कस्टमर्स के किआ ब्रांड पर बढ़ते भरोसे का प्रमाण हैं. हमारी रणनीति न केवल बाजार के रुझानों का जवाब देने की है, बल्कि इनोवेशन और एडवांस तकनीक के जरिए उन्हें आकार देने की भी है.
सेल्स और सर्विस नेटवर्क
किआ अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए देशभर में नेटवर्क विस्तार पर भी जोर दे रही है. वर्तमान में कंपनी के 382 शहरों में 849 टचपॉइंट्स हैं. इसके अलावा, कंपनी के 122 सर्टिफाइड प्री-ओन्ड आउटलेट्स भी हैं, जो पुराने वाहनों की खरीद-बिक्री में पारदर्शिता सुनिश्चित कर रहे हैं. आने वाले दिनों में किआ नए प्रोडक्ट्स की बदौलत सेल में और बढ़ोतरी हासिल कर सकती है.

