Last Updated:
Tata Tiago खरीदने का प्लान है, लेकिन iCNG, EV BaaS और EV Outright में कन्फ्यूज हैं? कीमत, रनिंग कॉस्ट, लंबी यात्राओं, चार्जिंग और बचत के आधार पर हमने तीनों विकल्पों का पूरा हिसाब लगाया है. जानिए आपकी ड्राइविंग जरूरत और बजट के हिसाब से कौन सी Tiago सबसे ज्यादा फायदे का सौदा साबित होगी.
Tiago iCNG और Tiago.ev में कौन बेहतर? जानिए
इंडियन ऑटोमोटिव मार्केट में टाटा टियागो (Tata Tiago) एक ऐसी हैचबैक बन चुकी है, जो ग्राहकों को सबसे ज्यादा फ्यूल ऑप्शन देती है. अगर आप पेट्रोल के अलावा पर्यावरण के अनुकूल और कम रनिंग कॉस्ट वाले विकल्प की तलाश में हैं, तो आपके सामने टियागो के दो सबसे मजबूत दावेदार आते हैं: Tiago iCNG और Tiago.ev (इलेक्ट्रिक).
हाल ही में आए 2026 फेसलिफ्ट अपडेट के बाद इन दोनों गाड़ियों में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं, जिससे सही विकल्प चुनना और भी दिलचस्प हो गया है. आपके लिए कौन सी टियागो बेस्ट रहेगी, ये पूरी तरह से आपकी रोजाना की ड्राइविंग, बजट और आपके इलाके के इंफ्रास्ट्रक्चर (चार्जिंग और सीएनजी स्टेशन) पर निर्भर करता है. आइए कीमत और उपयोगिता के आधार पर इसे आसान बनाते हैं.
कीमत और वेरिएंट्स (Ex-Showroom)
टाटा ने टियागो रेंज की कीमतों को बेहद कंपीटिटिव रखा है. विशेष रूप से EV मॉडल में अब BaaS का विकल्प भी जोड़ दिया गया है, जिसने इसकी शुरुआती कीमत को काफी कम कर दिया है. देखिए-
| मॉडल / वेरिएंट | शुरुआती कीमत (Ex-S) | नोट / अतिरिक्त खर्च |
|---|---|---|
| Tiago iCNG | ₹5.79 लाख से शुरू | टॉप वेरिएंट ₹8.55 लाख |
| Tiago.ev (BaaS के साथ) | ₹4.69 लाख से शुरू | ₹2.6/KM बैटरी रेंट |
| Tiago.ev (बैटरी के साथ आउटराइट) | ₹6.99 लाख से शुरू | टॉप वेरिएंट ₹9.99 लाख |
Tiago iCNG किसके लिए सबसे बेस्ट है?
टिआगो सीएनजी उनके लिए बेहतर हो सकती है, जिनकी रनिंग बहुत ज्यादा है और जो बिना रुके लंबी दूरी (Long Trips) तय करना चाहते हैं. ये फैक्टर्स टिआगो सीएनजी को खास बनाते हैं-
- लंबी दूरी की यात्राएं: अगर आप अक्सर वीकेंड्स पर शहर से बाहर जाते हैं या लंबी हाईवे ट्रिप्स प्लान करते हैं, तो सीएनजी आपके लिए सबसे व्यावहारिक है. आपको चार्जिंग के लिए रुकने की कोई चिंता (Range Anxiety) नहीं होती.
- ट्विन-सिलेंडर तकनीक और बूट स्पेस: टाटा की पेटेंटेड ट्विन-सिलेंडर तकनीक के कारण सीएनजी सिलेंडर नीचे फिट हो जाते हैं, जिससे आपको हैचबैक के लिहाज से अच्छा-खासा बूट स्पेस मिल जाता है.
- ऑटोमैटिक का विकल्प: टियागो सीएनजी में आपको मैनुअल के साथ-साथ AMT (ऑटोमैटिक) का भी ऑप्शन मिलता है, जो भारी ट्रैफिक में ड्राइविंग को बेहद आसान बना देता है.
- इंफ्रास्ट्रक्चर: यदि आपके शहर या रूट पर सीएनजी स्टेशनों की लंबी लाइनें नहीं लगतीं, तो ये पेट्रोल के मुकाबले आपकी जेब का खर्च सीधे आधा कर देती है.
Tiago.ev (BaaS के साथ) किसके लिए बेस्ट?
टिआगो ईवी उनके लिए है, जो कम बजट में इलेक्ट्रिक कार का मजा लेना चाहते हैं और जिनकी डेली रनिंग सीमित (20-40 किमी) है. ये फैक्टर्स टिआगो ईवी (BaaS) को खास बनाते हैं-
- कम शुरुआती बजट: अगर आपका बजट ₹5-6 लाख के आसपास है और आप पेट्रोल कार की कीमत पर ही EV की साइलेंट और प्रीमियम ड्राइव का मजा लेना चाहते हैं, तो BaaS सबसे बेस्ट है. इसने गाड़ी की शुरुआती कीमत को सीधे ₹2.30 लाख कम कर दिया है.
- सीमित मंथली रनिंग: ये मॉडल उनके लिए एकदम सटीक बैठता है जो महीने में 800 से 1000 किलोमीटर ही चलते हैं. कम रनिंग होने की वजह से ₹2.6 प्रति किलोमीटर का सब्सक्रिप्शन चार्ज आपकी जेब पर भारी नहीं पड़ता.
- आसान फाइनेंस और रीसेल: शुरुआती कीमत कम होने से लोन अमाउंट कम हो जाता है, जिससे आपकी हर महीने की कार EMI बेहद कम हो जाती है.
Tiago.ev (बैटरी के साथ आउटराइट) किसके लिए सबसे बेस्ट है?
ये उनके लिए सही है, जिनकी रोज़ की रनिंग फिक्स और बहुत ज्यादा है (जैसे डेली 80-100 किमी) और जो बार-बार के सब्सक्रिप्शन से बचना चाहते हैं. ये फैक्टर्स टिआगो ईवी को खास बनाते हैं-
- भारी शहरी कम्यूट (Daily High Mileage): अगर आप दिल्ली-एनसीआर, मुंबई या बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में रहते हैं और घर से ऑफिस की दूरी बहुत ज्यादा है, तो बिना सब्सक्रिप्शन वाली EV आपके ज्यादा सही है.
- लंबी अवधि में सबसे ज्यादा बचत: भले ही आप शुरुआत में ₹6.99 लाख या उससे ज्यादा दे रहे हैं, लेकिन अगर आपकी गाड़ी 5-6 साल में 80,000 किलोमीटर से ज्यादा चलने वाली है, तो आउटराइट मॉडल ही आर्थिक रूप से सबसे ज्यादा फायदेमंद साबित होता है. इसके बाद आपको प्रति किलोमीटर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होता.
- घर पर चार्जिंग की सुविधा: यदि आपके पास घर या ऑफिस में अपनी पर्सनल पार्किंग और चार्जिंग पॉइंट लगाने की जगह है, तो आपको बाहर के किसी कमर्शियल चार्जर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और रनिंग कॉस्ट मात्र ₹1 से ₹1.5 प्रति किलोमीटर आएगी.
- शानदार परफॉर्मेंस और वारंटी: 2026 अपडेटेड मॉडल में 24 kWh वाली बड़ी बैटरी के साथ लाइफटाइम अनलिमिटेड किलोमीटर की बैटरी वारंटी भी मिल रही है, जो आपको पूरी तरह से बेफिक्र कर देती है.
About the Author
न्यूज़18 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के रूप में कार्यरत राम मोहन मिश्र 2021 से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और फिलहाल ऑटो डेस्क संभाल रहे हैं. वे कार और बाइक से जुड़ी जानकारी को आसान, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से …और पढ़ें