Vinfast को वियतनाम में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट की सबसे बड़ी कंपनी जाता है. ये अब भारत सहित कई एशियाई बाजारों में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की तैयारी में है. कंपनी पहले से इलेक्ट्रिक कारों को इंडियन मार्केट में सेल कर रही है और अब इलेक्ट्रिक स्कूटर के साथ टू-व्हीलर सेगमेंट में भी कदम रखने जा रही है. हाल ही में विनफास्ट ने भारत में वाइपर नाम के इलेक्ट्रिक स्कूटर और एक नई इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल के डिजाइन पेटेंट फाइल किए थे. अब कंपनी ने VinFast Rasad नाम के एक और नए इलेक्ट्रिक स्कूटर का डिजाइन पेटेंट भारत में फाइल कराया है.
ये मॉडल अभी किसी भी ग्लोबल मार्केट में उपलब्ध नहीं है और कंपनी का फ्लैगशिप या उसके करीब का प्रोडक्ट हो सकता है. भारत में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार कंपटीटिव जरूर है, लेकिन पेनट्रेशन हाल ही में दो अंकों में पहुंचा है, इसलिए नए प्लेयर्स के लिए अवसर अभी भी मौजूद हैं. विनफास्ट का लक्ष्य 2026 में भारत में अपना इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर लाइनअप लॉन्च करना है. आइए VinFast Rasad के बारे में जानते हैं.
डिजाइन और फीचर्स
डिजाइन पेटेंट की तस्वीरों से साफ है कि Rasad एक प्रीमियम और परफॉर्मेंस-ओरिएंटेड मैक्सी-स्कूटर है. इसमें बड़ा टूरिंग-स्टाइल विंडस्क्रीन, पॉलीगोनल हेडलैम्प हाउसिंग और विनफास्ट के सिग्नेचर एलईडी डीआरएल शामिल हैं. चौड़ी एप्रन, 14 इंच के अलॉय व्हील्स, वाइड हैंडलबार और रेक्टेंगुलर डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर इसकी खासियत हैं. आगे की तरफ चार्जिंग आउटलेट और स्टोरेज स्पेस की संभावना है. स्पोर्टी स्टेप-थ्रू सीट राइडर और पिलियन दोनों के लिए आरामदायक दिखती है.
साइड पैनल्स पर शार्प एंगुलर लाइन्स स्पोर्टी लुक को बढ़ाती हैं. पीछे कॉम्पैक्ट टेल लैंप, स्टैंडर्ड टर्न इंडिकेटर्स और टायर हगर मौजूद हैं. स्ट्रीट टायर्स बताते हैं कि ये मुख्य रूप से शहरी इस्तेमाल के लिए है. आगे टेलीस्कोपिक फोर्क्स और पीछे डुअल शॉक अब्जॉर्बर के साथ दोनों सिरों पर डिस्क ब्रेक बेहतर स्टॉपिंग पावर देंगे.
स्पेसिफिकेशन्स और परफॉर्मेंस
Rasad पूरी तरह नया मॉडल है. कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें 7.1 किलोवाट का सेंट्रली माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर हो सकता है और टॉप स्पीड 100 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. डिजाइन और परफॉरमेंस के लिहाज से ये यामाहा एरोक्स और होंडा एडीवी160 जैसे मॉडल से तुलना योग्य हो सकता है. बैटरी पैक, रेंज और अन्य ऑफिशियल स्पेक्स अभी जारी नहीं हुए हैं.
भारत में लॉन्च प्लान
विनफास्ट की शुरुआती योजनाओं में 2026 में भारत में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर लाने का जिक्र था. वाइपर वियतनाम में पहले से उपलब्ध है, जबकि रसाद और नई मोटरसाइकिल नए प्रोडक्ट हैं. कंपनी इस साल के अंत तक भारत में अपना पहला इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर पेश कर सकती है. ये फिलीपींस, थाईलैंड, इंडोनेशिया और मलेशिया जैसे बाजारों में विस्तार का हिस्सा है. वियतनाम में विनफास्ट ने हाल ही में 10 लाख इलेक्ट्रिक स्कूटर प्रोडक्शन का माइलस्टोन पार किया है. भारत के बढ़ते इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में कंपटीटिव प्राइस और अलग डिजाइन वाले प्रोडक्ट्स के साथ कंपनी अपनी जगह बना सकती है.