XUV 3XO EV: 50 मिनट में चार्ज, 8.3 सेकंड में 100 की रफ्तार, बजट में भी बेस्ट, फीचर्स देख कहेंगे-यही चाहिए

नई दिल्‍ली. भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की मांग तेजी से बढ़ रही है. इस बढ़ती मांग को भुनाने को महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अपनी बहुप्रतीक्षित इलेक्ट्रिक एसयूवी, Mahindra XUV 3XO EV को लॉन्च कर दिया है. आकर्षक लुक, आधुनिक तकनीक और दमदार परफॉर्मेंस से लैस यह कार न केवल महिंद्रा के पोर्टफोलियो की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक एसयूवी है, बल्कि यह मिड-रेंज ईवी सेगमेंट में एक गेम-चेंजर साबित हो सकती है. Mahindra XUV 3XO EV एसयूवी की शुरुआती कीमत 13.89 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है. इसकी सीधी टक्कर टाटा नेक्सॉन EV और MG विंडसर से मानी जा रही है. ये दोनों मॉडल पहले से मिड रेंज सेगमेंट में मजबूत पकड़ बनाए हुए है.

महिंद्रा ने XUV 7XO को लॉन्‍च करने के ठीक एक दिन बाद XUV 3XO EV को बाजार में उतारा है. इससे पता चलता है कि कंपनी अब केवल पेट्रोल और डीजल इंजन तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में भी एक मजबूत प्‍लेयर बनाना चाहती है. महिंद्रा ने उन ग्राहकों को एक नया विकल्प दिया है जो एक भरोसेमंद ब्रांड की किफायती और आधुनिक इलेक्ट्रिक कार की तलाश में थे. महिंद्रा ने XUV 3XO EV के लिए अपने सफल पेट्रोल मॉडल के प्लेटफॉर्म को ही चुना है. अप्रैल 2024 में लॉन्च होने के बाद से XUV 3XO की 1.8 लाख से अधिक यूनिट्स बिक चुकी हैं. इसी सफलता और ग्राहकों के भरोसे को देखते हुए कंपनी ने इसी नाम और प्लेटफॉर्म के साथ इलेक्ट्रिक सेगमेंट में कदम रखा है.

मॉडर्न और फ्यूचरिस्टिक लुक

महिंद्रा XUV 3XO EV का डिजाइन इसके पेट्रोल वर्जन से प्रेरित है, लेकिन इसमें कई ऐसे बदलाव किए गए हैं जो इसे एक इलेक्ट्रिक वाहन की विशिष्ट पहचान देते हैं.

  • प्रीमियम अपील: इसमें सिंगल पैन सनरूफ दिया गया है, जो केबिन के अंदर प्राकृतिक रोशनी और खुलेपन का अहसास कराता है.
  • व्हील्स और लाइटिंग: कार में R16 डायमंड कट अलॉय व्हील्स दिए गए हैं जो इसे एक मस्कुलर स्टांस देते हैं. साथ ही, LED प्रोजेक्टर हेडलैंप, सिग्नेचर LED टेललैंप और टर्न इंडिकेटर के साथ LED DRLs इसे रात के अंधेरे में भी एक शानदार लुक प्रदान करते हैं.
  • विजिबिलिटी: इसकी एरोडायनामिक बनावट और बेहतर लाइटिंग सेटअप न केवल लुक्स को बढ़ाते हैं, बल्कि ड्राइविंग के दौरान स्पष्ट विजिबिलिटी भी सुनिश्चित करते हैं.

XUV 3XO EV इंटीरियर और लग्जरी फीचर्स

केबिन के अंदर कदम रखते ही आपको तकनीक और आराम का बेहतरीन संतुलन देखने को मिलता है. महिंद्रा ने इंटीरियर को प्रीमियम बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है.

डिस्प्ले: इसमें 10.25 इंच की दो बड़ी HD स्क्रीन दी गई हैं. एक स्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम के लिए है, जबकि दूसरी पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर का काम करती है.

कनेक्टिविटी: वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो, एप्पल कारप्ले और इनबिल्ट एलेक्सा के साथ एड्रेनॉक्स (Adrenox) सिस्टम इसे एक स्मार्ट कार बनाता है.

आराम और सुविधा: ड्यूल जोन क्लाइमेट कंट्रोल, पीछे बैठने वालों के लिए अलग AC वेंट्स, आर्मरेस्ट और 60:40 स्प्लिट सीटें इसे लंबी यात्राओं के लिए बेहद आरामदायक बनाती हैं. इसमें वायरलेस चार्जिंग, ऑटो हेडलैंप और रेन सेंसिंग वाइपर जैसे फीचर्स भी शामिल हैं.

XUV 3XO EV बैटरी पैक, रेंज और परफॉर्मेंस

किसी भी इलेक्ट्रिक कार का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा उसकी बैटरी और रेंज होती है. महिंद्रा XUV 3XO EV इस मोर्चे पर ग्राहकों को निराश नहीं करती. इसमें 39.4 kWh का शक्तिशाली बैटरी पैक दिया गया है. कंपनी का दावा है कि यह सिंगल चार्ज पर रियल वर्ल्ड कंडीशन में लगभग 285 किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है. यह रेंज शहर के भीतर रोजमर्रा के इस्तेमाल और नजदीकी टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर जाने के लिए पर्याप्त है.

इसकी इलेक्ट्रिक मोटर 110 kW की पावर और 310 Nm का टॉर्क जनरेट करती है. यह ताकतवर टॉर्क इसे ट्रैफिक में तेजी से आगे निकलने में मदद करता है. कंपनी का दावा है कि यह अपने सेगमेंट की सबसे तेज एसयूवी है, जो मात्र 8.3 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है. इसमें ‘फन’ (Fun), ‘फास्ट’ (Fast) और ‘फियरलेस’ (Fearless) नाम के तीन ड्राइविंग मोड दिए गए हैं.

फास्ट चार्जिंग और सस्पेंशन तकनीक

लंबी यात्राओं के दौरान चार्जिंग की चिंता को दूर करने के लिए महिंद्रा ने XUV 3XO EV में फास्ट चार्जिंग की सुविधा दी है. 50 kW के DC फास्ट चार्जर से इस कार को महज 50 मिनट में 0 से 80% तक चार्ज किया जा सकता है. इसके अलावा, स्मूथ राइड के लिए इसमें ‘फ्रिक्वेंसी डिपेंडेंट डैम्पिंग’ (FDD) और MTV-VAL जैसी एडवांस सस्पेंशन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है, जो खराब सड़कों पर भी झटकों को कम करती है.

सेफ्टी और स्मार्ट टेक्नोलॉजी

सुरक्षा के मामले में महिंद्रा हमेशा से अग्रणी रहा है. XUV 3XO EV में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. इसमें लेवल 2 ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) दिया गया है. इसमें एडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, फॉरवर्ड कॉलिजन वार्निंग, ऑटो इमरजेंसी ब्रेकिंग और स्मार्ट पायलट असिस्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं जो दुर्घटना की संभावना को कम करते हैं. पार्किंग को आसान बनाने के लिए इसमें 360 डिग्री सराउंड व्यू सिस्टम दिया गया है.

कार में 6 एयरबैग, चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) जैसे 35 से ज्यादा स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं. इसमें 80 से ज्यादा कनेक्टेड कार फीचर्स हैं, जिससे आप अपनी स्मार्टवॉच के जरिए कार के स्टेटस को मॉनिटर कर सकते हैं और रिमोट कंट्रोल फीचर्स का लाभ उठा सकते हैं.

वेरिएंट और कीमत

महिंद्रा ने XUV 3XO EV को दो मुख्य वेरिएंट में पेश किया है ताकि अलग-अलग बजट वाले ग्राहक इसे खरीद सकें.

  • AX5 वेरिएंट: इसकी शुरुआती कीमत 13.89 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है.
    AX7L वेरिएंट: यह टॉप-एंड मॉडल है जिसकी कीमत 14.96 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है.