रेनो इंडिया ने 26 जनवरी 2026 को अपनी सबसे पॉपुलर एसयूवी Renault Duster को इंडियन ऑटो मार्केट के अंदर नए अवतार में पेश किया था. कंपनी अब इसे 17 मार्च को लॉन्च कर रही है और उसी दिन गाड़ी की कीमत भी बताई जाएगी. प्री बुकिंग मात्र ₹21 हजार रुपये में शुरू हो चुकी है. मार्केट में क्रेटा और सेल्टॉस जैसी एसयूवी से टक्कर लेने के लिए तैयार डस्टर को नए इंजन ऑप्शन भी मिले हैं.
कंपनी इसे कुल तीन इंजन ऑप्शन- 1.0L टर्बो (100 PS), 1.3L टर्बो (163 PS/280 Nm) और 1.8L स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड (160 hp कॉम्बाइंड) के साथ बेचेगी. 212 mm ग्राउंड क्लियरेंस, बोल्ड डिजाइन, पैनोरमिक सनरूफ, डुअल स्क्रीन, वेंटिलेटेड सीट्स और लेवल 2 ADAS के साथ इसे काफी एडवांस कर दिया गया है. इसके पेट्रोल वेरिएंट की डिलीवरी अप्रैल से शुरू होगी. आइए, डिजाइन, फीचर्स, सेफ्टी इंजन और माइलेज डिटेल पर नजर डालते हैं.
डिजाइन डिटेल
न्यू रेनो डस्टर का डिजाइन बोल्ड और मस्कुलर है. ये थर्ड जेनरेशन ग्लोबल मॉडल पर आधारित है लेकिन भारत के लिए खास बदलाव किए गए हैं. फ्रंट में नया सिग्नेचर ग्रिल, DUSTER बैजिंग, फुल LED हेडलैंप्स और आईब्रो शेप LED DRLs हैं, जो टर्न इंडिकेटर का काम भी करते हैं. फ्रंट बंपर में सिल्वर सराउंड और पिक्सल स्टाइल फॉग लैंप्स हैं. साइड प्रोफाइल में ब्लैक व्हील आर्च क्लैडिंग, C-पिलर पर रियर डोर हैंडल, फंक्शनल रूफ रेल्स (50 kg लोड क्षमता) और 18 इंच एडवेंचर ब्लैक अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. रियर में कनेक्टेड LED लाइट बार, ट्राएंगल टेललैंप्स, स्पॉइलर और सिल्वर इंसर्ट के साथ ब्लैक बंपर है.
इंटीरियर और फीचर्स
इसके फाइटर जेट इंस्पायर्ड डैशबोर्ड में सॉफ्ट-टच मैटेरियल, सिल्वर एक्सेंट्स और कंट्रास्ट येलो/ग्रीन स्टिचिंग है. डुअल स्क्रीन सेटअप- 10.1 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट (वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो, एपल कारप्ले) और 10.25 इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, पैनोरमिक सनरूफ, 6-वे पावर्ड वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, डुअल जोन क्लाइमेट कंट्रोल (PM2.5 फिल्टर के साथ), 48 कलर एम्बिएंट लाइटिंग, वायरलेस फोन चार्जर, पावर्ड टेलगेट, इलेवेटेड सेंटर कंसोल, स्लाइडिंग आर्मरेस्ट और माउंटेन जेड लेदरेट अपहोल्स्ट्री जैसी लग्जरी फीचर्स इसमें ऑफर किए गए हैं.
सेफ्टी फीचर्स में 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड, 360° कैमरा (12 अल्ट्रासोनिक सेंसर्स के साथ), ABS+EBD, ESC, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, सभी चार पहियों पर डिस्क ब्रेक्स, ISOFIX, TPMS और रियर पार्किंग सेंसर्स हैं. हाई वेरिएंट्स में 17 फीचर्स वाला लेवल-2 ADAS मिलेगा. अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल (स्टॉप एंड गो), एक्टिव इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन कीप असिस्ट, ट्रैफिक साइन रिकग्निशन भी सेफ्टी बढ़ाएंगे.
इंजन और परफॉरमेंस
इंजन और परफॉर्मेंस की बात करें तो तीन विकल्प हैं. बेस में 1.0 लीटर 3-सिलिंडर टर्बो पेट्रोल (100 PS / 160 Nm), मिड और टॉप में 1.3 लीटर 4-सिलिंडर टर्बो (163 PS / 280 Nm) सबसे पावरफुल इंजन है. ये ओपन रोड पर कॉन्फिडेंट परफॉर्मेंस और स्मूथ एक्सीलरेशन देता है. टॉप में 1.8 लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड ई-टेक इंजन होगा. बेहतरीन फ्यूल एफिशिएंसी और साइलेंट परफॉर्मेंस के साथ ये शहर में 80 प्रतिशत EV मोड चल सकती है. कुल मिलाकर नई डस्टर पावर, फीचर्स और वैल्यू का परफेक्ट कॉम्बिनेशन है.

