यामाहा XSR 155 और रॉयल एनफील्ड हंटर 350 दोनों ही निओ-रेट्रो स्टाइल की पॉपुलर मोटरसाइकिल्स हैं, जो भारतीय बाजार में युवा राइडर्स को आकर्षित करती हैं. ये दोनों बाइक्स प्रीमियम 150-350cc सेगमेंट में एक-दूसरे को टक्कर दे रही हैं. XSR 155 जापानी रिफाइनमेंट और स्पोर्टी परफॉर्मेंस पर फोकस करती है, जबकि हंटर 350 क्लासिक थंप और टॉर्की राइडिंग एक्सपीरियंस देती है.
हंटर 350 की शुरुआती कीमत ₹1.38 लाख से ₹1.67 लाख तक है. वहीं, XSR 155 की कीमत ₹1.50 लाख से ₹1.59 लाख तक जाती है. हंटर 350 बेस वेरिएंट में सस्ती है, लेकिन टॉप वेरिएंट्स में दोनों लगभग बराबर हो जाती हैं. ऑन-रोड प्राइस में RTO और इंश्योरेंस जोड़कर हंटर ₹1.60-1.95 लाख और XSR ₹1.75-1.85 लाख तक पहुंच सकती है. आइए, इनकी डिजाइन से लेकर परफॉरमेंस तक की डिटेल पर नजर डालते हैं.
Yamaha XSR 155 vs Royal Enfield Hunter 350: डिजाइन
दोनों बाइक्स रेट्रो लुक वाली हैं, लेकिन स्टाइल अलग-अलग है. XSR 155 एक नियो-रेट्रो कैफे रेसर है. इसे राउंड हेडलैंप, USD फॉर्क्स, कॉम्पैक्ट बॉडी (2005mm लंबाई) और स्पोर्टी सिल्हूट के साथ पेश किया गया है. ये R15 प्लेटफॉर्म पर बेस्ड है, जो इसे मॉडर्न और एग्रेसिव लुक देता है. कलर्स में मेटालिक ग्रे, रेड, ब्लू और ब्लैक उपलब्ध हैं, साथ में कैफे रेसर या स्क्रैम्बलर किट्स से कस्टमाइजेशन का ऑप्शन भी मिलता है.
दूसरी ओर, रॉयल एनफील्ड हंटर 350 क्लासिक रोडस्टर है. इसे मस्कुलर टैंक, शॉर्ट व्हीलबेस (1370mm), LED हेडलाइट (मेट्रो वेरिएंट में) और रेट्रो व्हील्स के साथ पेश किया जाता है. ये 2055mm लंबी है और टोक्यो ब्लैक, लंदन रेड जैसे बोल्ड कलर्स में आती है. हंटर का डिजाइन ज्यादा रिलैक्स्ड और यूनिक थंप वाला लगता है, जबकि XSR स्पोर्टियर नजर आती है.
एर्गोनॉमिक्स और डैशबोर्ड
राइडिंग पोजीशन और कम्फर्ट में हंटर 350 आगे है. इसका सीट हाइट सिर्फ 790mm है, जो शॉर्ट राइडर्स (5’5″ से कम) के लिए आसान है. अपराइट हैंडलबार, रेट्रो स्टाइल सीट और बेहतर कुशनिंग से शहर की ट्रैफिक या लंबी राइड में कम थकान होती है. डैशबोर्ड में LCD सेमी-डिजिटल क्लस्टर और USB-C चार्जिंग है.
XSR 155 का सीट हाइट 810mm है, जो थोड़ा स्पोर्टियर पोस्चर देता है. फुटपेग्स पीछे, लेकिन शहर में भी मैनेजेबल है. Y-कनेक्ट ऐप से कनेक्टेड डिजिटल LCD क्लस्टर ब्राइटनेस कंट्रोल के साथ आता है. दोनों में अच्छा लेग रूम है, लेकिन XSR हल्की (137kg) होने से हैंडलिंग आसान लगती है, जबकि हंटर (181kg) ज्यादा स्टेबल फील देती है.
Royal Enfield Hunter 350 Vs Yamaha XSR 155: फीचर्स
दोनों में डुअल चैनल ABS, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, असिस्ट एंड स्लिपर क्लच और USB चार्जिंग जैसे फीचर्स हैं. लेकिन XSR 155 आगे है . इसे ट्रैक्शन कंट्रोल, फुल LED लाइट्स, Y-कनेक्ट ऐप से रियल-टाइम माइलेज और लोकेशन ट्रैकिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं. हंटर 350 में ट्रिपर नेविगेशन (मेट्रो वेरिएंट), टाइप-C फास्ट चार्जिंग और रीट्यून्ड सस्पेंशन (6-स्टेप एडजस्टेबल) हैं. XSR में ज्यादा मॉडर्न टेक है, जबकि हंटर में प्रैक्टिकल सिटी फीचर्स हैं. दोनों में कोई क्रूज कंट्रोल या क्विकशिफ्टर नहीं है.
इंजन और परफॉर्मेंस
हंटर 350 का 349cc एयर-ऑयल कूल्ड सिंगल-सिलिंडर इंजन 20.2 BHP और 27 Nm टॉर्क प्रोड्यूस करता है. लो-एंड टॉर्क जबरदस्त है. इसकी टॉप स्पीड 130 kmph है. ये 5-स्पीड गियरबॉक्स और 13 लीटर टैंक के साथ आती है. दूसरी ओर XSR 155 का 155cc लिक्विड-कूल्ड इंजन (VVA के साथ) 18.4 PS और 14.2 Nm प्रोड्यूस करता है. XSR रेव्वी और क्विक है, जबकि हंटर थंपी और रिलैक्स्ड दिखती है.
कौन बेहतर: अगर आपको टॉर्क, क्लासिक फील, कम्फर्ट और वैल्यू चाहिए तो रॉयल एनफील्ड हंटर 350 चुनें. ये शहर और हाईवे दोनों के लिए परफेक्ट है. लेकिन स्पोर्टी परफॉर्मेंस, बेहतर माइलेज, मॉडर्न फीचर्स और हल्की हैंडलिंग पसंद हो तो यामाहा XSR 155 बेस्ट है. दोनों का सर्विस नेटवर्क अच्छा है, लेकिन RE ज्यादा रिलायबल मानी जा सकती है.