Ather Energy ने इंडियन मार्केट में अंदर हाल ही में Ather Konarc को अपनी नई पेशकश के रूप में उतारा है. कंपनी ने इसे खासतौर पर उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया है जो स्टाइल, मजबूत बॉडी, लंबी रेंज और एडवांस टेक्नोलॉजी का कॉम्बिनेशन चाहते हैं. ₹99,999 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत के साथ लॉन्च हुआ Konarc कंपनी के नए EL प्लेटफॉर्म पर आधारित पहला प्रोडक्शन मॉडल है. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी मेटल बॉडी, 14-इंच का फ्रंट व्हील, लंबा व्हीलबेस और 200 किलोमीटर तक की IDC रेंज है.
Ather ने इसमें MagicKey, AutoHold, AirWalk और एडवांस इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम जैसे फीचर्स भी शामिल किए हैं. अलग-अलग बैटरी और रेंज विकल्पों के साथ Konarc को रोजाना के शहरी इस्तेमाल से लेकर लंबी दूरी की कम्यूटिंग तक के लिए डिजाइन किया गया है. आइए इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की डिजाइन, फीचर्स, सेफ्टी, बैटरी, मोटर और रेंज की डिटेल्स के बारे में जानते हैं.
पहली बार मेटल बॉडी पर फोकस
Ather Konarc का डिज़ाइन कंपनी के मौजूदा 450 सीरीज स्कूटर्स से काफी अलग है. ये Ather का पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर है जिसमें मेटल बॉडी और स्टील यूनिबॉडी चेसिस का इस्तेमाल किया गया है. इसका डिज़ाइन ज्यादा मजबूत और फैमिली-ओरिएंटेड रखा गया है. स्कूटर के फ्रंट में हैंडलबार-माउंटेड LED हेडलैंप और अलग डिजाइन वाला LED DRL दिए गए हैं. इसकी बॉडी में शार्प लाइन्स के बजाय एक प्रैक्टिकल और मजबूत अप्रोच देखने को मिलती है. Ather ने भारतीय सड़कों और रोजाना के इस्तेमाल को ध्यान में रखते हुए इसकी बिल्ड क्वालिटी पर खास ध्यान दिया है.
Konarc की एक और बड़ी खासियत इसका व्हील सेटअप है. इसमें आगे 14-इंच का बड़ा अलॉय व्हील और पीछे 12-इंच का व्हील मिलता है. बड़ा फ्रंट व्हील खराब सड़कों पर बेहतर स्टेबिलिटी और राइडिंग कॉन्फिडेंस देने में मदद करेगा. स्कूटर का व्हीलबेस 1,352 मिमी है, जो इसे हाई-स्पीड और सीधे रास्तों पर बेहतर स्थिरता देने में मदद करता है. इसमें लॉन्ग-ट्रैवल सस्पेंशन भी दिया गया है, जिससे गड्ढों और खराब सड़कों पर राइड क्वालिटी बेहतर होने की उम्मीद है.
फीचर्स और टेक का अच्छा कॉम्बिनेशन
Ather हमेशा से अपने स्मार्ट और कनेक्टेड फीचर्स के लिए जानी जाती है और Konarc में भी कंपनी ने कई नए फीचर्स शामिल किए हैं. इसके हाई वेरिएंट्स में 7-इंच DeepView डिस्प्ले मिलता है, जिसमें राइड से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी, नेविगेशन और अन्य स्मार्ट कनेक्टिविटी फीचर्स उपलब्ध हैं.
इसका सबसे खास फीचर MagicKey है. ये एक तरह का कीलेस एक्सेस सिस्टम है, जिससे राइडर को हर बार फिजिकल की निकालने की जरूरत नहीं पड़ती. स्कूटर राइडर की मौजूदगी को पहचानकर ऑटोमैटिक तरीके से लॉक और अनलॉक हो सकता है. इसके अलावा Konarc में AutoPop फीचर दिया गया है, जिससे सीट को आसानी से खोला जा सकता है. इसमें 31 लीटर का बड़ा अंडरसीट स्टोरेज स्पेस भी मिलता है. ये हेलमेट, बैग और रोजमर्रा का सामान रखने के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है.
AirWalk फीचर भी काफी दिलचस्प है. ये स्कूटर को पार्किंग या तंग जगहों पर हाथ से आगे-पीछे करने में मदद करता है. भारी इलेक्ट्रिक स्कूटर को पार्किंग से निकालने वाले ग्राहकों के लिए यह फीचर काफी काम का हो सकता है.
सेफ्टी में क्या मिलेगा?
Ather Konarc को सिर्फ फीचर्स और रेंज के लिए ही नहीं, बल्कि सेफ्टी के मामले में भी मजबूत बनाया गया है. इसके अलग-अलग वेरिएंट्स में बेहतर ब्रेकिंग हार्डवेयर दिए गए हैं. अपर वेरिएंट्स में फ्रंट डिस्क ब्रेक मिलता है. स्कूटर में Ather का इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम भी शामिल किया गया है, जिसे कंपनी AEBS यानी Ather Electronic Braking System के नाम से पेश कर रही है. इसके अलावा AutoHold फीचर ढलान या ट्रैफिक में रुकने के दौरान स्कूटर को अपनी जगह पर बनाए रखने में मदद करता है.
हाई वेरिएंट्स में Vehicle FallSafe जैसे फीचर्स भी उपलब्ध हैं. मेटल बॉडी और स्टील यूनिबॉडी चेसिस इसकी मजबूती को और बढ़ाते हैं. ट्यूबलेस टायर और बड़े फ्रंट व्हील भी रोजाना की राइडिंग के दौरान अतिरिक्त कॉन्फिडेंस देने में मदद करते हैं.
बैटरी, मोटर और रेंज
Ather Konarc को कंपनी ने अलग-अलग रेंज और बैटरी कॉन्फिगरेशन के साथ पेश किया है. Konarc S लाइनअप में 100 किमी, 125 किमी, 161 किमी और भविष्य में 200 किमी IDC रेंज वाले विकल्प शामिल हैं. वर्तमान में उपलब्ध प्रमुख बैटरी विकल्पों में 2.1 kWh, 2.7 kWh और 3.5 kWh पैक शामिल हैं. 3.5 kWh बैटरी वाला मॉडल 161 किमी तक की IDC रेंज देता है. हालांकि कंपनी का TrueRange इससे कम होता है, क्योंकि रियल वर्ल्ड रेंज राइडिंग स्टाइल, ट्रैफिक, वजन और मौसम जैसी कंडीशंस पर निर्भर करती है.
Ather की आधिकारिक जानकारी के अनुसार 125 किमी IDC वेरिएंट का TrueRange लगभग 100 किमी और 161 किमी IDC वेरिएंट का TrueRange करीब 130 किमी है. टॉप स्पेक कॉन्फिगरेशन में 4.7 kW तक पीक पावर और 16 Nm टॉर्क मिलता है. Konarc S मॉडल की टॉप स्पीड 70 किमी प्रति घंटा तक है। वहीं भविष्य में आने वाले दूसरे वेरिएंट्स में ज्यादा परफॉर्मेंस मिलने की संभावना है. ये स्कूटर मुख्य रूप से शहर में रोजाना की कम्यूटिंग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.