Last Updated:
100 cc vs 125 cc bike: रोजाना ऑफिस आने-जाने के लिए कौन सी ज्यादा सही है? अगर आपका फोकस सिर्फ शानदार माइलेज और कम खर्च पर है तो 100cc बाइक आपके लिए बेहतर हो सकती है. वहीं पिकअप, पिलियन के साथ सफर, हाईवे राइड और मॉडर्न फीचर्स चाहिए तो 125cc सेगमेंट ज्यादा उपयोगी साबित हो सकता है. खरीदने से पहले जानिए दोनों इंजन क्षमता वाली बाइक्स में क्या अंतर है और आपके लिए कौन सा विकल्प सही रहेगा.
100 cc vs 125 cc bike: जानिए किसे खरीदने में समझदारी?
100 cc vs 125 cc bike: इंडियन टू-व्हीलर मार्केट में हर रोज आने-जाने वाले यानी कम्यूटर राइडर्स के लिए सही इंजन क्षमता का चयन करना हमेशा एक बड़ा सवाल रहा है. जब भी बजट और रोजाना की जरूरत की बात आती है, तो खरीदार अक्सर 100cc और 125cc सेगमेंट के बीच असमंजस में पड़ जाते हैं. बढ़ती पेट्रोल की कीमतों और भीड़भाड़ वाले ट्रैफिक के दौर में एक वर्ग के लिए अधिकतम माइलेज ही सब कुछ होता है, जबकि दूसरा वर्ग माइलेज के साथ बेहतर पिकअप, मॉडर्न फीचर्स और आरामदायक राइडिंग चाहता है.
100cc की बाइक्स अपनी बेजोड़ फ्यूल एफिशियंसी और कम मेंटेनेंस के लिए मशहूर हैं, वहीं 125cc की बाइक्स अतिरिक्त पावर और लंबी दूरी के सफर में मजबूती पेश करती हैं. ऐसे में सही बाइक का चुनाव पूरी तरह से आपकी रोजमर्रा की दूरी, बजट और प्राथमिकताओं पर निर्भर करता है. आइए जानते हैं कि आपके लिए किस सेगमेंट की बाइक सबसे बेस्ट चॉइस होने वाली है?
100 CC मोटरसाइकिल किसके लिए बेस्ट?
100cc इंजन वाली मोटरसाइकिलें उन लोगों के लिए बिल्कुल सही विकल्प हैं, जिनकी पहली और आखिरी प्राथमिकता बचत है. आइए, अलग-अलग पॉइंट्स में जानते हैं कि ये सेगमेंट किसके लिए बना है?
- अधिकतम माइलेज चाहने वाले: अगर आपका डेली रन 20 से 40 किलोमीटर के बीच है और आप पेट्रोल खर्च को न्यूनतम रखना चाहते हैं, तो ये सेगमेंट सबसे आगे है.
- सीमित बजट वाले खरीदार: इनकी एक्स-शोरूम कीमत, ऑन-रोड लागत और स्पेयर पार्ट्स बेहद सस्ते होते हैं. सामान्य सर्विसिंग का खर्च भी जेब पर भारी नहीं पड़ता.
- शहर और भीड़भाड़ का सफर: इनका वजन हल्का होता है, जिससे भारी ट्रैफिक में इन्हें संभालना और तंग गलियों में मोड़ना बेहद आसान होता है.
- रफ यूज़ के लिए: डिलीवरी वर्क या ग्रामीण इलाकों के उबड़-खाबड़ रास्तों पर बिना किसी झंझट के सालों-साल चलने के लिए ये परफेक्ट बाइक हैं.
125 CC मोटरसाइकिल किसके लिए बेस्ट?
125cc सेगमेंट उन राइडर्स के लिए बना है, जो केवल माइलेज से समझौता किए बिना थोड़ी फुर्ती, मॉडर्न स्टाइल और बेहतर आराम चाहते हैं. आइए जानते हैं कि इस सेगमेंट की बाइक कौन खरीद सकता है?
- पिलियन के साथ रेगुलर ट्रिप: 100cc इंजन पर जब दो लोग बैठते हैं, तो चढ़ाई या ओवरटेकिंग के समय पावर की कमी महसूस होती है. 125 सीसी में अतिरिक्त टॉर्क मिलता है, जिससे दो सवारियों के साथ भी बाइक बिना खिंचाव के चलती है.
- हाईवे और लंबी दूरी का कम्यूट: अगर आपका ऑफिस 40-50 किलोमीटर दूर है या आपको अक्सर बाईपास/हाईवे का इस्तेमाल करना पड़ता है, तो 125cc बाइक 70-80 किमी/घंटे की रफ्तार पर भी स्टेबल रहती है और इंजन पर दबाव नहीं पड़ता. 5-स्पीड गियरबॉक्स सफर को और स्मूद बनाता है.
- मॉडर्न फीचर्स और स्पोर्टी लुक: इस सेगमेंट में डिजिटल कंसोल, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, फ्रंट डिस्क ब्रेक, चौड़े टायर और बेहतर सस्पेंशन जैसे मॉडर्न फीचर्स आम हैं, जो युवा प्रोफेशनल्स को आकर्षित करते हैं.
आपके लिए क्या सही?
अगर आपकी प्राथमिकता सिर्फ रोजमर्रा का काम निपटाना, भारी बचत और न्यूनतम मेंटेनेंस है, तो 100cc बाइक चुनना एक व्यावहारिक कदम है. वहीं अगर आप थोड़ा अतिरिक्त बजट खर्च कर सकते हैं और रोजाना के सफर में बेहतर पिकअप, आरामदायक सिटिंग और हाईवे पर चलने लायक कॉन्फिडेंस चाहते हैं, तो 125cc बाइक आपके लिए सबसे संतुलित विकल्प साबित होगी.
About the Author
राम मोहन मिश्र डिजिटल मीडिया के ऑटोमोटिव जगत में सक्रिय पत्रकार हैं और 2021 से लगातार ऑटो जर्नलिज्म के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. वर्तमान में वे न्यूज़18 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर ऑटो डेस्क संभाल रहे…
और पढ़ें