Apple इस साल iPhone लॉन्च को लेकर बड़ा बदलाव करने जा रही है. कंपनी की पुरानी प्लानिंग के मुताबिक हर साल सितंबर में नए iPhone के स्टैंडर्ड और Pro मॉडल एक साथ लॉन्च होते थे लेकिन 2026 में ऐसा नहीं होने वाला है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्टैंडर्ड iPhone 18 को इस साल लॉन्च नहीं किया जाएगा और इसके लिए यूजर्स को 2027 तक इंतजार करना पड़ सकता है.
सितंबर में कौन से iPhone होंगे लॉन्च?
MacRumors की रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर 2026 में Apple अपने प्रीमियम मॉडल्स पर फोकस करेगी. इस दौरान iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max और कंपनी का पहला फोल्डेबल iPhone पेश किए जाने की उम्मीद है.
Apple का इवेंट 9 सितंबर को निर्धारित है. यानी इस बार सितंबर में नया बेस मॉडल iPhone खरीदने का ऑप्शन यूजर्स के पास नहीं होगा. कंपनी पहली बार अपनी iPhone सीरीज के लॉन्च को दो हिस्सों में बांट रही है.
iPhone 18 के लिए करना होगा इंतजार
रिपोर्ट्स के अनुसार, नॉर्मल iPhone 18 को 2027 में लॉन्च किया जा सकता है. इसके साथ iPhone 18e और अगली पीढ़ी का iPhone Air भी आने की उम्मीद है. इसके अलावा माना जा रहा है कि Apple का ये बदलाव पिछले कई सालों से चली आ रही सितंबर लॉन्च प्लानिंग से बिल्कुल अलग होगा. इसका मतलब है कि जो यूजर्स कम कीमत वाले नए iPhone का इंतजार कर रहे हैं, उन्हें कुछ और महीनों तक इंतजार करना पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: A20 Pro चिप से कितनी तेज होगी नई iPhone 18 Pro सीरीज? यूजर्स को क्या होगा फायदा
Apple ने क्यों बदली लॉन्च रणनीति?
आपको बता दें कि इस बदलाव के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं. सबसे बड़ी वजह Apple का अपने प्रीमियम iPhone मॉडल्स और नए फोल्डेबल डिवाइस को ज्यादा प्राथमिकता देना हो सकती है. कंपनी के लिए पहला फोल्डेबल iPhone एक बेहद जरूरी प्रोडक्ट माना जा रहा है. इसे Pro मॉडल्स के साथ लॉन्च करने से Apple अपने सबसे महंगे और नए डिवाइस पर ज्यादा फोकस कर सकती है.
इसके अलावा, सप्लाई चेन से जुड़ी रिपोर्ट्स में भी अलग-अलग समय पर iPhone 18 सीरीज के दो लेवल में लॉन्च होने के संकेत मिले हैं.
iPhone 18 में मिल सकते हैं बड़े अपग्रेड
भले ही स्टैंडर्ड iPhone 18 अगले साल आएगा लेकिन इसके फीचर्स को लेकर अभी से कई चर्चाएं हैं. रिपोर्ट्स में 2nm प्रोसेस पर बेस्ड A20 चिप, ज्यादा RAM और नए C2 मॉडेम जैसी चीजों का दावा किया गया है. छोटे Dynamic Island की भी चर्चा है. हालांकि, इन फीचर्स की ऑफिशियल पुष्टि Apple ने अभी नहीं की है.
ग्राहकों के लिए क्या बदलेगा?
Apple की नई रणनीति का सीधा असर उन यूजर्स पर पड़ेगा जो हर साल सितंबर में नया बेस iPhone खरीदने की योजना बनाते हैं. 2026 में ऐसे खरीदारों को या तो मौजूदा मॉडल चुनना होगा या फिर 2027 में आने वाले iPhone 18 का इंतजार करना होगा.
वहीं, प्रीमियम सेगमेंट के ग्राहकों के लिए सितंबर 2026 काफी खास हो सकता है क्योंकि iPhone 18 Pro सीरीज के साथ Apple का पहला फोल्डेबल iPhone भी लोगों को देखने को मिल सकता है.
यह भी पढ़ें:
200MP कैमरा और 7.58 इंच की डिस्प्ले के साथ लॉन्च हुआ Xiaomi 18 Fold, जानें कीमत