Kia India ने अपने प्रीमियम थ्री-रो एसयूवी All New Sorento को भारत में ऑफिशियली लॉन्च कर दिया है. इस सेवेन सीटर SUV की एक्स-शोरूम कीमत 27.99 लाख रुपये से शुरू होती है, जो बेस HTE 7-सीटर डीजल वेरिएंट की है. टॉप-एंड एचटीएक्स(ए) ब्लैक लाइन एडब्ल्यूडी हाइब्रिड 6-सीटर वेरिएंट की कीमत 40.39 लाख रुपये तक जाती है. सोरेन्टो किआ की भारत में पहली स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड एसयूवी है और कंपनी के पोर्टफोलियो में सेल्टोस के ऊपर फ्लैगशिप आईसीई मॉडल के रूप में पोजीशन की गई है.
ये एमजी हेक्टर, टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस और महिंद्रा एक्सयूवी 7एक्सओ जैसे कंपटीटर्स से मुकाबला करेगी. प्री-बुकिंग कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी किआ डीलरशिप पर 25,000 रुपये के टोकन अमाउंट के साथ शुरू हो चुकी है. उत्पादन आंध्र प्रदेश के अनंतपुर प्लांट में शुरू हो गया है. आठ एक्सटीरियर कलर ऑप्शन उपलब्ध हैं, जिनमें ग्लॉस और मैट फिनिश शामिल हैं. आइए, इसकी डिज़ाइन से लेकर इंजन और परफॉर्मेंस की डिटेल पर एक नज़र डालते हैं.
डिजाइन और इंटीरियर
डिजाइन में सोरेन्टो की लंबाई लगभग 4.8 मीटर और व्हीलबेस 2.8 मीटर है. वर्टिकली स्टैक्ड एलईडी डीआरएल और टेल लैंप, टाइगर नोज ग्रिल, 19-इंच अलॉय व्हील्स और रियर स्पॉइलर में छिपा वाइपर इसकी खासियत हैं. ब्लैक लाइन एडिशन में ज्यादा ब्लैक्ड-आउट लुक मिलता है.
इंटीरियर प्रीमियम है. डुअल 12.3-इंच स्क्रीन (इंफोटेनमेंट और डिजिटल क्लस्टर), 10-वे पावर्ड ड्राइवर सीट विद लम्बर सपोर्ट, पैनोरमिक सनरूफ, 12-स्पीकर बोस साउंड सिस्टम और वेंटिलेटेड सीट्स उपलब्ध हैं. 6-सीटर (कैप्टन चेयर) या 7-सीटर लेआउट चुन सकते हैं. किआ एआई असिस्टेंट (लाइव जेनरेटिव एआई) पहली बार सोरेन्टो में ग्लोबली पेश हुई है.
| पावरट्रेन | सीटिंग क्षमता | शुरुआती कीमत | टॉप मॉडल कीमत |
|---|---|---|---|
| 2.2-लीटर डीजल | 7-सीटर | ₹27.99 लाख | ₹38.69 लाख |
| 2.2-लीटर डीजल | 6-सीटर | ₹32.69 लाख | ₹38.89 लाख |
| 1.6-लीटर हाइब्रिड | 7-सीटर | ₹29.49 लाख | ₹40.19 लाख |
| 1.6-लीटर हाइब्रिड | 6-सीटर | ₹34.19 लाख | ₹40.39 लाख |
फीचर्स और सेफ्टी
फीचर्स में वायरलेस चार्जर, पावर्ड टेलगेट, एंबिएंट लाइटिंग, डिजिटल इनर रियरव्यू मिरर और हेड-अप डिस्प्ले शामिल हैं. सेफ्टी पैकेज में 10 एयरबैग्स, लेवल 2 एडास, 360-डिग्री कैमरा, हिल डिसेंट कंट्रोल और डिजिटल रियरव्यू मिरर हैं.
इंजन और माइलेज
पावरट्रेन में दो ऑप्शन- 1.6-लीटर टर्बो-पेट्रोल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड (इंजन लगभग 177-180 बीएचपी और 265 एनएम, इलेक्ट्रिक मोटर 64 बीएचपी; कंबाइंड लगभग 238-245 एचपी) 6-स्पीड ऑटोमैटिक के साथ और 2.2-लीटर डीजल (लगभग 190-193 बीएचपी, 442 एनएम) 8-स्पीड डीसीटी के साथ आता है. दोनों में ड्राइव और टेरेन मोड्स उपलब्ध हैं, एडब्ल्यूडी भी चुन सकते हैं. हाइब्रिड बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी का वादा करती है. सोरेन्टो प्रीमियम सेगमेंट में मजबूत दावेदार बनकर उभरी है.