जून 2026 में भारत के MPV और MUV सेगमेंट में Maruti Suzuki की मजबूत पकड़ बनी रही. कुल बिक्री में Ertiga ने अपना दबदबा कायम रखा, जबकि कुछ कंपीटिटिव मॉडल्स में गिरावट देखी गई. मारुति की Ertiga और XL6 ने पॉज़िटिव ग्रोथ दर्ज की, वहीं Toyota के Innova में गिरावट आई. Kia Carens Clavis की बिक्री भी पिछले साल की तुलना में काफी कम रही, लेकिन Toyota Rumion ने शानदार 67.9% की सालाना ग्रोथ के साथ सरप्राइज दिया.
ये सेगमेंट फैमिली की जरूरतों को पूरा करने वाले वाहनों की मांग को दर्शाता है, जहां कम्फर्ट, स्पेस और फ्यूल एफिशिएंसी की ज्यादा डिमांज है. मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार, हाइब्रिड टेक्नोलॉजी और बेहतर फीचर्स वाले मॉडल्स की मांग बढ़ रही है, जो आने वाले महीनों में इस सेगमेंट को और कंपटीटिव बनाएगी. आइए, 7-सीटर MPV सेगमेंट की Model Wise Sales Report पर एक नज़र डालते हैं.
Maruti Suzuki Ertiga
मारुति अर्टिगा जून 2026 में सबसे ज्यादा बिकने वाली MPV रही, जिसने 16,111 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की. ये 13.9% की सालाना ग्रोथ के साथ मजबूत प्रदर्शन करती दिखी. Ertiga अपनी स्पेशियस केबिन, 7-सीटर कैपेसिटी, कम मेंटेनेंस लागत और अच्छी माइलेज के लिए जानी जाती है. फैमिली यूजर्स के बीच ये सबसे पसंदीदा विकल्प बनी हुई है. हाल के अपडेट्स में बेहतर इंफोटेनमेंट सिस्टम और सेफ्टी फीचर्स जोड़े गए हैं, जो इसकी पॉपुलरिटी बढ़ाने में सहायक साबित हुए. Ertiga ने साबित किया कि बजट और प्रैक्टिकलिटी का सही मिश्रण अभी भी भारतीय बाजार में सबसे ज्यादा काम करता है.
Toyota Innova
टोयोटा इनोवा जून 2026 में दूसरे स्थान पर रही, लेकिन इसकी बिक्री 7,332 यूनिट्स पर सिमट गई और सालाना आधार पर 16.7% की गिरावट दर्ज की गई. फिर भी Innova की विश्वसनीयता, मजबूत इंजन और प्रीमियम फील इसे टैक्सी और फैमिली दोनों के लिए पसंदीदा बनाए हुए है. गिरावट के बावजूद Toyota का सर्विस नेटवर्क और रीसेल वैल्यू Innova को लंबे समय तक टॉप सेगमेंट में बनाए रखने में मदद करेंगे.
Kia Carens Clavis
कैरेंस क्लैविस ने जून 2026 में 4,847 यूनिट्स बेची हैं, लेकिन सालाना 38.8% की काफी बड़ी गिरावट देखी गई. आकर्षक डिजाइन, मॉडर्न फीचर्स और अच्छे ड्राइविंग डायनामिक्स के बावजूद ये पिछले साल के मुकाबले पीछे रह गई. Carens Clavis प्रीमियम फैमिली MPV के रूप में पोजिशन की गई थी, लेकिन कंपटीशन बढ़ने और कुछ वैल्यू-फॉर-मनी विकल्पों के सामने इसे चुनौती मिल रही है. Kia को अब नए अपडेट्स और बेहतर प्राइसिंग के जरिए वापसी करनी होगी.
Maruti Suzuki XL6
मारुति एक्सएल6 ने 2,711 यूनिट्स की बिक्री के साथ चौथा स्थान हासिल किया और शानदार 34.8% सालाना ग्रोथ दर्ज की. Ertiga पर आधारित ये 6-सीटर MPV प्रीमियम लुक, कैप्टन सीट्स और बेहतर फीचर्स के साथ फैमिली और स्टेटस कांशस खरीदारों को आकर्षित कर रही है. ये मॉडल कम्फर्ट और स्टाइल का बेहतरीन कॉम्बिनेशन ऑफर करता है.
Toyota Rumion
टोयोटा रुमियन ने जून 2026 में 2,376 यूनिट्स बेचकर पांचवें स्थान पर जगह बनाई और सबसे प्रभावशाली 67.9% सालाना ग्रोथ दर्ज की है. ये Ertiga का रीबैज्ड वर्जन होने के बावजूद Toyota की ब्रांड वैल्यू और विश्वसनीयता के कारण तेजी से पॉपुलर हो रही है. Rumion उन खरीदारों के लिए अच्छा विकल्प है, जो Toyota का भरोसा चाहते हैं.
ऊपर बताई गई सेगमेंट की टॉप-5 कारों के अलावा पिछले महीने Renault Triber की 1,871 यूनिट, Maruti Suzuki Invicto की 349 यूनिट, Toyota Vellfire की 140 यूनिट और Kia Carnival की मात्र 30 यूनिट बिकी हैं. कुल बिक्री 35,767 यूनिट रही, जो सालाना स्तर पर 1.2 प्रतिशत की गिरावट को दर्शाता है.