अक्सर छोटे दुकानदारों, गिग वर्कर्स और व्यापारियों के मन में ये धारणा घर कर जाती है कि सपनों की कार खरीदना उनके लिए एक जटिल प्रक्रिया है, क्योंकि उनके पास मासिक सैलरी स्लिप नहीं होती है. बैंकिंग जगत में एक सामान्य भ्रम है कि कार लोन केवल ‘फिक्स्ड इनकम’ वाले कर्मचारियों के लिए ही आसान है. असल में अब मॉडर्न बैंकिंग व्यवस्था पहले से काफी अधिक लचीली हो गई है.
मौजूदा समय में बैंक केवल आपकी पे-स्लिप नहीं, बल्कि आपकी ऋण चुकाने की क्षमता (Repayment Capacity) देखकर लोन दे देते हैं. अगर आप सही फाइनेंशियल डॉक्यूमेंट्स और स्ट्रेटजी का उपयोग करते हैं, तो बिना सैलरी स्लिप के भी आप न केवल लोन प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि आकर्षक ब्याज दरों का लाभ भी उठा सकते हैं. आइए उन 3 प्रभावी तरीकों के बारे में जानते हैं, जो बिना सैलरी स्लिप भी आपको कार लोन दिला सकते हैं.
1. इनकम टैक्स रिटर्न (ITR)
स्वरोजगार वाले व्यक्तियों के लिए ITR केवल टैक्स भरने का जरिया नहीं, बल्कि उनकी आय का सबसे विश्वसनीय सरकारी दस्तावेज है. जब आपके पास मासिक वेतन की पर्ची (Salary Slip) नहीं होती है, तब बैंक पिछले 2 से 3 वर्षों के ITR रिकॉर्ड की मांग करते हैं. ये दस्तावेज बैंक को यह समझने में मदद करता है कि आपका व्यवसाय पिछले कुछ समय से लगातार मुनाफा कमा रहा है और आपकी वार्षिक आय कार की किस्तों (EMIs) को चुकाने के लिए पर्याप्त है.
अगर आप नियमित रूप से ITR फाइल करते हैं और आपकी ‘कंप्यूटेशन ऑफ इनकम’ शीट व्यवस्थित है, तो बैंक आपको एक ‘कम जोखिम वाला ग्राहक’ मानते हैं, जिससे न केवल लोन की मंजूरी आसान हो जाती है, बल्कि आपको अच्छी ब्याज दरों का लाभ भी मिलता है.
2. बैंकिंग ट्रांजैक्शन और कैश फ्लो
एक व्यापारी के लिए उसका बैंक स्टेटमेंट ही उसकी बैलेंस शीट होती है. सैलरी स्लिप के अभाव में बैंक आपके करंट या सेविंग अकाउंट के पिछले 6 से 12 महीनों के लेन-देन का एनालिसिस करते हैं. इसमें मुख्य रूप से ‘एवरेज मंथली बैलेंस’ (AMB) पर ध्यान दिया जाता है, जो ये दर्शाता है कि खर्चों के बाद आपके पास कितनी नकदी शेष बचती है.
आज के डिजिटल युग में UPI, NEFT और कार्ड पेमेंट्स के जरिए होने वाले ट्रांजैक्शन आपके व्यापार की पारदर्शिता को बढ़ाते हैं. अगर आपके अकाउंट में नियमित रूप से पैसा आ रहा है और चेक बाउंस होने जैसी कोई समस्या नहीं है, तो बैंक आपके इसी ‘कैश फ्लो’ को आय का प्रमाण मानकर लोन की प्रक्रिया को आगे बढ़ा सकते हैं.
3. को-एप्लिकेंट और बैंकिंग सरोगेट स्कीम
अगर आपकी व्यक्तिगत आय कागजों पर कम है या आपके पास पर्याप्त दस्तावेज नहीं हैं, तो सह-आवेदक (Co-applicant) को जोड़ना एक मास्टरस्ट्रोक साबित हो सकता है. आप अपने परिवार के किसी कामकाजी सदस्य (पत्नी, माता, पिता या बच्चे) को लोन में शामिल कर सकते हैं, जिससे उनकी आय भी आपकी पात्रता में जुड़ जाती है और लोन रिजेक्शन का खतरा कम हो जाता है.
इसके अतिरिक्त, कई बैंक सरोगेट स्कीम (Banking Surrogate Schemes) के तहत लोन देते हैं. इस तरीके में बैंक आपकी सैलरी स्लिप के बजाय आपकी अन्य वित्तीय संपत्तियों को देखते हैं, जैसे कि आपके क्रेडिट कार्ड पेमेंट की हिस्ट्री, आपका मौजूदा इंश्योरेंस प्रीमियम या आपके पुराने किसी लोन (जैसे होम लोन या गोल्ड लोन) की समय पर चुकाई गई किस्तें. ये विधि उन लोगों के लिए बेहतरीन है, जिनकी बैंकिंग हिस्ट्री तो मजबूत है लेकिन उनके पास इनकम प्रूफ नहीं है.