Last Updated:
Maextro S800 : हुवावे और जेएसी द्वारा मिलकर बनाई गई Maextro S800 ने ऐसा जलवा बिखेरा है कि दिग्गज यूरोपीय कार ब्रांड्स के पसीने छूट गए हैं. चीन के अल्ट्रा-लग्जरी सेडान मार्केट में यह कार BMW, ऑडी और मर्सिडीज के टॉप-एंड मॉडल्स को पछाड़ रही है. ₹83 लाख से ₹1.20 करोड़ वाली इस कार पर मशहूर उद्योगपति हर्ष गोयनका भी फिदा है. उनका कहना है कि अगर यह धान्सू कार कभी भारत आई, तो लग्जरी कार मार्केट में झंडे गाड़ देगी. गोयनका ने इसे ‘पैसा वसूल’ कार करार दिया है.
मैस्ट्रो एस800 मई 2025 में चीन में लॉन्च हुई. लॉन्च के तीन महीनों में ही इसने 100,000 अमेरिकी डॉलर से ऊपर की कीमत वाली कारों में सबसे ज्यादा बिकने का रिकॉर्ड बना डाला. अब यह पोर्श पनामेरा, मर्सिडीज-बेंज एस-क्लास और बीएमडब्ल्यू 7 सीरीज जैसी महंगी कारों को पीछे छोड़ते हुए रोल्स-रॉयस और बेंटले जैसी कारों को टक्कर दे रही है.
रोल्स-रॉयस और मर्सिडीज-मायबैक को सीधी टक्कर देने वाली यह सेडान साइज के मामले में सड़क पर मौजूद 99 फीसदी कारों से बड़ी है. करीब 18 फीट (5,480 मिमी) लंबी, 2,000 मिमी चौड़ी और 3,370 मिमी व्हीलबेस वाली इस कार का रौब ही कुछ ऐसा है कि चीन के रईस इस पर लट्टू हैं. मैस्ट्रो एस800 का टू-टोन पेंट फिनिश और बोल्ड स्टांस इसे एक अनोखा लुक देता है.
मैस्ट्रो एस800 की लाइटिंग टेक्नोलॉजी इतनी अनोखी है कि इसे देखकर अंतरिक्ष का अहसास होता है. इसमें ‘मिल्की वे’ से प्रेरित मिलियन-पिक्सल हेडलैंप्स, 96-फैसेट क्रिस्टल लाइट्स और स्टारलाइट डोर हैंडल्स दिए गए हैं. जैसे ही मालिक इसके पास पहुंचता है, NearLink™ Key तकनीक दूरी मापकर अपने आप एक शानदार लाइट कारपेट बिछाकर स्वागत करती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
मैस्ट्रो एस800 का केबिन बहुत शानदार है. छत पर टिमटिमाते तारों जैसा डिजाइन और 1.68 करोड़ रंगों वाली डायनेमिक एम्बिएंट लाइटिंग किसी फाइव-स्टार लाउंज का अहसास कराती है. केबिन में प्राकृतिक ऊन (Pure Wool) की कारपेटिंग बिछाई गई है. केबिन में 3.4 वर्ग मीटर के फ्लैट फ्लोर एक आलीशान लिविंग रूम जैसा माहौल देती है.
मैस्ट्रो एस800 का सफर थकानरहित होता है. इसमें डुअल जीरो-ग्रैविटी रियर सीटें दी गई हैं, जो 148.5 डिग्री तक झुक जाती हैं. ये सीटें वेंटिलेशन, हीटिंग और फुल-बॉडी मसाज से लैस हैं. इसके साथ ही खास ‘क्वीन सीट’ और ड्राइवर के लिए 18-वे पावर एडजस्टेबल सीट दी गई है, जो लंबे सफर को को बेहद आरामदायक बना देती है.
इंटरटेनमेंट और प्राइवेसी के मामले में हुवावे ने इसमें अपनी सबसे एडवांस्ड टेक पावर झोंक दी है. कार में 48-इंच की स्क्रीन के साथ 43 स्पीकर्स वाला सराउंड साउंड सिस्टम लगा है. यह कार को पर्सनल थिएटर बना देता है. इसके अलावा रियर पैसेंजर्स के लिए एक स्विपेबल प्राइवेसी ग्लास और ड्रिंक्स के लिए डुअल-टेम्परेचर रेफ्रिजरेटर की सुविधा भी मिलती है.
मैस्ट्रो एस800 में सेफ्टी और स्मार्ट ड्राइविंग के लिए इसमें हुवावे का सबसे आधुनिक ADS 4.0 ऑटोनॉमस ड्राइविंग सूट दिया गया है. 3 एमएम-वेव रडार, हाई-रेजोल्यूशन कैमरे और कटिंग-एज सेंसर्स की बदौलत यह कार सड़क की हर हलचल पर पैनी नजर रखती है.
स्पीड और परफॉर्मेंस की बात करें तो यह प्योर इलेक्ट्रिक और एक्सटेंडेड रेंज, दोनों अवतारों में आती है. इसका इलेक्ट्रिक मॉडल महज 4.3 सेकेंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेता है. वहीं इसकी फास्ट-चार्जिंग इतनी जबर्दस्त है कि यह सिर्फ 10 से 12 मिनट में 10% से 80% तक चार्ज हो जाती है. फुल चार्ज पर यह 700 किलोमीटर चल जाती है.