chitrakoot। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झाँसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत जनपद चित्रकूट में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। मतदान को निष्पक्ष, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक चित्रकूट पीयूषकांत राय ने कोतवाली कर्वी क्षेत्र के चित्रकूट इंटर कॉलेज और मानिकपुर स्थित मतदान केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
100 मीटर के दायरे में प्रचार पर रोक
ASP पीयूषकांत राय ने पुलिस बल को निर्देशित किया कि मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार नहीं होने दिया जाए। संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाए और मतदान प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न होने दी जाए। साथ ही, मतदाताओं को बिना किसी परेशानी के शांतिपूर्ण माहौल में मतदान करने की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
सभी 6 मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात
जनपद चित्रकूट के सभी छह मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा जोनल और सेक्टर अधिकारी लगातार भ्रमण कर रहे हैं, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
पुलिस प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराना है।
1 thought on “chitrakoot में स्नातक निर्वाचन का मतदान शांतिपूर्ण, ASP ने लिया सुरक्षा का जायजा”
Comments are closed.